लखनऊ, न्यूज प्लस। यूपी बैटल पर घमासान तेज हो गया है। नेता भले दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हों लेकिन सपा कार्यकर्ता यूपी में नेरेटिव पर आगे बढ़ रहे हैं। लखनऊ में सपा ने पोस्टर वॉर छेड़ दिया है, इन पोस्टरों के जरिए सपा ने सीधा भाजपा पर निशाना साधा है।
विक्रमादित्य मार्ग स्थित सपा मुख्यालय के बाहर नए राजनीतिक पोस्टर लगाए गए हैं। 'चंदा चोरी' और 'आरक्षण' के मुद्दे पर सपा ने पोस्टरों के जरिए हमला बोला है। सपा के एक पोस्टर में "चंदा चोरी से चला जिनका घर, अब आरक्षण पर कर रहे हैं प्रश्न।" दूसरे पोस्टर में भी सत्ता पक्ष पर तीखा हमला किया गया है, इसमें आरक्षण को बड़ा मुद्दा बनाकर भाजपा को घेरने की कोशिश की गई है।
अखिलेश और डिंपल यादव के साथ पोस्टर में लिखा गया है "27 में अखिलेश का राज, 29 में डिंपल यादव का ताज" सपा ने इन पोस्टरों के जरिए भ्रष्टाचार और आरक्षण के मुद्दे को जोड़ा है और भाजपा को घेरा है। सपा मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टरों से यूपी की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। प्रतापगढ़ के सपा नेता हल्लू राम सुंदर यादव की ओर से लगाए गए ये पोस्टर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। इसी के साथ यूपी में जुबानी जंग के बाद अब पोस्टर वॉर ने सियासी रफ्तार पकड़ ली है। भाजपा की तरफ से भी जवाबी पोस्टर लगाने की सूचना आ रहा है, संभव अगले एक-दो दिनों में भाजपा के पोस्टर सड़कों पर दिखें।
