महराजगंज, न्यूज प्लस। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने महराजगंज में एक बार फिर भाजपा और उप्र सरकार को गौ-रक्षा के सवाल पर घेरा। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी 'गोभिष्ट यात्रा' के तहत मंगलवार को महराजगंज पहुंचे। उन्होंने गौ-रक्षा और गाय को 'राष्ट्र माता' का दर्जा देने की मांग को लेकर कहाकि सरकार सिर्फ बात करती है, गौ-रक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने महराजगंज के निचलौल में आयोजित कार्यक्रम में गौ-रक्षा को लेकर केंद्र और उप्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज ने गौ-रक्षा और सनातन मूल्यों की रक्षा की अपेक्षा के साथ भारतीय जनता पार्टी को सत्ता सौंपी थी, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित ठोस कदम नहीं उठाए गए। शंकराचार्य ने गाय को 'राष्ट्र माता' घोषित किए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि उनकी 'गोभिष्ट यात्रा' का उद्देश्य पूरे देश में गौ-संरक्षण के प्रति जनजागरण करना है।
अपने संबोधन में महात्मा गांधी का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गांधीजी ने भी गौ-रक्षा के महत्व पर बल दिया था। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद गौ-रक्षा को लेकर भाजपा सरकार पर लगातार हमलावर हैं। इस मुद्दे को लेकर वह 'गोभिष्ट यात्रा' लेकर निकलेंगे हैं और शहर-शहर जाकर यह मुद्दा उठा रहे हैं। शंकराचार्य के कार्यक्रमों में सपा के बड़े नेताओं की उपस्थिति पर भी चर्चा हो रही है, हालांकि खुद अखिलेश यादव उनसे आशीर्वाद लेने पहुंचे थे और सपा खुले तौर पर उनका समर्थन कर रही है।
