नई दिल्ली, न्यूज प्लास। न्यूयार्क की ईस्ट नदी पर इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एक सीप्लेन क्रैश हो गया। पायलट की सूझबूझ और लोगों की सतर्कता से इसमें सवार 8 जिंदगियों को बचा लिया गया। एक माह के अंदर न्यूयार्क में यह दूसरी घटना है।
सीप्लेन 8 लोगों को ले जा रहा था, इस बीच उसमें तकनीकी खराबी आयी जिसके कारण उसे ईस्ट रिवर पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी और वह क्रैश हो गया। घटना के तुरंत बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया जिससे प्लेन में सवार सभी 8 लोगों को बचा लिया गया। क्रैश सीप्लेन के जो वीडियो सामने आया है उसमें वह नदी में तैरता हुआ दिख रहा है और उसका एक पंख पानी में डूबा हुआ है।
प्रत्याक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब नदी अशांत थी और उफना रही थी। उसी समय सीप्लेन की हार्ड लैंडिंग कराई गई। पानी में लैंड करते ही प्लेन पलट गया और उसका एक पंख पानी में डूब गया। हादसे की जानकारी मिलते ही न्यूयार्क सिटी फायर डिपार्टमेंट ने बचाव अभियान शुरू कर दिया। रेस्क्यू टीमों ने पानी के भीतर ही प्लेन को सीधा किया और उसे खींचकर बाहर लाया गया। उसमें सवार सभी 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। निकाले गए कुछ लोगों को चोटें आयी थीं जिनका मौके पर मेडिकल टीम ने इलाज किया।
बताते हैं कि बचाव अभियान में पांच नावें शामिल थीं। अभियान के दौरान पास में एक अन्य सीप्लेन देखा गया। हालांकि यह दूसरा हादसा कब हुआ अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक माह में यह दूसरी घटना है, इससे पहले थ्रोग्स नेक ब्रिज के पास उड़ान भरते समय भी एक सीप्लेन क्रैश हुआ था।
