logo

header-ad
header-ad
बिहार में जयचंदों पर 'गाज' , कांग्रेस में भी 'सर्च ऑपरेशन'

बिहार में जयचंदों पर 'गाज' , कांग्रेस में भी 'सर्च ऑपरेशन'

न्यूज प्लस, राजेश द्विवेदी। बिहार में एनडीए की जीत के बाद महागठबंधन में जयचंदों के खिलाफ बगावती स्वर शुरू हो गए हैं। आरजेडी में संजय यादव और रमीज नेमत उर्फ खान के खिलाफ तो बकायदा मोर्चाबंदी होने लगी है। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने भाई तेजस्वी यादव की हार और अपमान के लिए इन्हीं दोनों तथाकथित सलाहकारों यानी जयचंदों को निशाने पर लिया है। उन्होंने आरोपों की झंड़ी लगाते हुए परिवार को तोड़ने का ठीकरा भी फोड़ दिया है। उधर कांग्रेस में भी बुरी हार के लिए जयचंदों को ही जिम्मेदार माना जा रहा है इसलिए उनकी तलाश शुरू हो गई है, इसके लिए कांग्रेस में अनुशासन समिति बनाई गई है।
चुनाव परिणाम आते ही बिहार की राजनीतिक फिज़ा में सिर्फ जयचंदों की बातें गूंज रही हैं। लालू की बेटी रोहिणी ने संजय यादव और रमीज को परिवार के विघटन का दोषी ठहराया है। बात बढ़ी तो तेजस्वी के पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड घर पर आरजेडी के ही समर्थकों ने रात प्रदर्शन कर विरोध जताया है और संजय के खिलाफ एक्शन की मांग की है। तेजस्वी के लिए दूसरी सबसे बड़ी बुरी खबर यूपी से आई है क्योंकि उनका लेफ्ट हैण्ड रमीज बलरामपुर का रहने वाला है और वहां वह सूचीबद्ध अपराधी है। उसपर हत्या के केस तक दर्ज है। साथ ही उसपर सनातन धर्म के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप है। राजनेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का भी आरोप है इसलिए कौशम्भी पुलिस ने रमीज की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। कौशम्भी एएसपी राजेश कुमार की मानें तो सनातन धर्म के खिलाफ हेट कैम्पनिंग चलाने के आरोपी रमीज के खिलाफ डीजीपी कार्यालय ने रिपोर्ट मांगी थी जिसे भेज दिया गया है। लालू परिवार में कलह के लिए संजय के साथ रमीज का हाथ बताया जा रहा है। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार तो कई दिनों से लालू पर हमलावर हैं। वे पूछ रहे हैं कि क्या हिस्ट्रीशीटर रमीज, तेजस्वी को राजनीति का पाठ पढ़ा रहा था? उसके खिलाफ यूपी में एनएसए, गैंगस्टर एक्ट मर्डर समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं। क्या वह आरजेडी का मीडिया कॉर्डिनेटर बना था?
कांग्रेस में भी गद्दारों की खोज
बिहार में कांग्रेस की बुरी हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने 25 नेताओं की अनुशासन समिति का गठन कर दिया है। कांग्रेस में जयचंदों की खोज का काम दो दिन से शुरू कर दिया गया है। साफ आने वाले समय में कांग्रेस में भी जयचंदों पर बड़ा एक्शन होगा। प्रदेश प्रवक्ता चन्द्रभूषण सिंह ने माना कि गद्दारों की तलाश के लिए अनुशासन समिति का गठन कर दिया गया है। बहरहाल, आने वाले दिनों में विपक्ष में जयचंदों के खिलाफ सुनामी आने वाली है। बस, इंतजार कीजिए।

Leave Your Comment