कारगिल युद्ध की कई कहानियां बड़े पर्दे पर दिखाई जा चुकी हैं, लेकिन अब एक ऐसी कहानी सामने आने वाली है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। नेटफ्लिक्स की नई सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' का टीजर सामने आ गया है। इसमें 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की हवाई लड़ाई की कहानी दिखाई जाएगी। टीजर में बर्फीले पहाड़, आसमान में उड़ते लड़ाकू विमान और मुश्किल मिशन पर निकले पायलट नजर आ रहे हैं। पहली झलक के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
दुनिया की सबसे ऊंची हवाई जंग
'ऑपरेशन सफेद सागर' की कहानी भारतीय वायुसेना के सबसे मुश्किल ऑपरेशन में से एक से प्रेरित है। कारगिल युद्ध के दौरान ऊंचे पहाड़ों और खराब मौसम के बीच भारतीय पायलटों को दुश्मन के ठिकानों पर हमला करना था। सीरीज में 'गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन' की कहानी दिखाई जाएगी। मिहिर आहूजा, अभय वर्मा और तारुक रैना युवा एयर फोर्स पायलटों के किरदार में नजर आएंगे। वहीं सिद्धार्थ और जिमी शेरगिल इन पायलटों को रास्ता दिखाते और मिशन के लिए तैयार करते दिखाई देंगे।
टीजर देखकर लोगों के खड़े हुए रोंगटे
टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिला। किसी ने इसे रोंगटे खड़े करने वाला बताया तो किसी ने इसकी पहली झलक को शानदार कहा। खासकर लड़ाकू विमानों के सीन और पायलटों के बीच बातचीत ने लोगों का ध्यान खींचा है। टीजर में सिर्फ जंग नहीं, बल्कि जवानों की दोस्ती, डर और मुश्किल फैसलों की झलक भी दिखाई गई है। यही वजह है कि लोग अभी से इस सीरीज का इंतजार करने लगे हैं।
बड़े सितारों से सजी है सीरीज
इस सीरीज में सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा और तारुक रैना जैसे कलाकार नजर आएंगे। सीरीज का निर्देशन ओनी सेन ने किया है। इसे अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने बनाया है। मेकर्स का कहना है कि कहानी तैयार करने के लिए एयर फोर्स पायलटों और उनके परिवारों की जिंदगी को करीब से समझने की कोशिश की गई है।
16 हजार फीट की ऊंचाई पर हुई शूटिंग
'ऑपरेशन सफेद सागर' को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। मेकर्स के मुताबिक सीरीज की शूटिंग 100 से ज्यादा जगहों पर हुई है। कई सीन 16 हजार फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर फिल्माए गए हैं। विजुअल इफेक्ट्स का भी बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया गया है। हालांकि मेकर्स का कहना है कि उनका पूरा ध्यान सिर्फ हवाई जंग दिखाने पर नहीं, बल्कि पायलटों की जिंदगी, उनके रिश्तों और उनके मुश्किल फैसलों को भी सामने लाने पर रहा है।
7 अगस्त को खुलेगा हवाई जंग का राज
'ऑपरेशन सफेद सागर' 7 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। टीजर ने साफ कर दिया है कि इस बार कारगिल की कहानी जमीन से नहीं, बल्कि आसमान से दिखाई जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सीरीज भारतीय वायुसेना की उस मुश्किल लड़ाई को पर्दे पर सही तरीके से दिखा पाएगी? फिलहाल पहली झलक ने लोगों की उम्मीदें जरूर बढ़ा दी हैं।
