अगर आपके पास खूब पैसा है, तब भी दुनिया के कुछ शहर ऐसे हैं जहां रहना बहुत महंगा पड़ सकता है. जूलियस बेयर लाइफस्टाइल इंडेक्स 2026 के मुताबिक, सिंगापुर लगातार दुनिया का सबसे महंगा शहर बना हुआ है. दूसरे नंबर पर स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख और तीसरे नंबर पर मोनाको है. इसके बाद हांगकांग और लंदन का नाम आता है.
यहां रहना इतना महंगा क्यों है?
इन शहरों में घर खरीदना, गाड़ी रखना, इलाज कराना, होटल में ठहरना और अच्छी सुविधाओं का इस्तेमाल करना काफी महंगा है. सिंगापुर में घर और गाड़ियों की कीमत बहुत ज्यादा है. वहीं ज्यूरिख में इलाज, खरीदारी और दूसरी सुविधाओं पर भी काफी खर्च करना पड़ता है. इसलिए यहां रहने के लिए अच्छी-खासी कमाई जरूरी होती है.
महंगी हुईं लग्जरी चीजें
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक साल में महंगी चीजों और सेवाओं पर खर्च करीब 10.2 प्रतिशत बढ़ गया है. सोने के दाम बढ़ने से गहने 16.4 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं. वहीं महंगी घड़ियों की कीमत भी 15.5 प्रतिशत बढ़ी है. होटल, बिजनेस क्लास फ्लाइट और प्रीमियम रेस्टोरेंट का खर्च भी पहले से ज्यादा हो गया है.
अमीर लोग कहां ज्यादा पैसा कमा रहे हैं?
रिपोर्ट बताती है कि उत्तरी अमेरिका में 97 प्रतिशत अमीर लोगों की संपत्ति पिछले एक साल में बढ़ी है. वहीं भारत, सिंगापुर और दूसरे एशियाई देशों वाले क्षेत्र में 90 प्रतिशत अमीरों की दौलत बढ़ी है. यानी इस इलाके में लोग तेजी से पैसा भी कमा रहे हैं और खर्च भी कर रहे हैं.
रिपोर्ट क्या बताती है?
यह रिपोर्ट उन लोगों की जीवनशैली के खर्च को देखकर तैयार की जाती है, जिनके पास बड़ी संपत्ति होती है. इसमें घर, यात्रा, खरीदारी, इलाज और दूसरी महंगी सेवाओं का खर्च शामिल होता है. इस बार की रिपोर्ट में साफ दिखा कि दुनिया के बड़े शहरों में महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका असर अमीर लोगों पर भी पड़ रहा है.
