logo

BREAKING NEWS
मुंबई एयरपोर्ट पर आमने-सामने आए दो विमान, बाल-बाल बची सैकड़ों यात्रियों की जान

मुंबई एयरपोर्ट पर आमने-सामने आए दो विमान, बाल-बाल बची सैकड़ों यात्रियों की जान

मुंबई, न्यूज प्लस। मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार देर रात उस समय सैकड़ों यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई जब दो विमान रनवे पर आमने-सामने आ गए। बस कुछ मीटर की दूरी बची थी जब इनको रोक लिया गया नहीं तो भीषण टक्कर होती और कई यात्री मारे जाते। हादसा बचने पर एयरपोर्ट अथार्टी और यात्रियों ने राहत की सांस ली। कैसे दोनों विमान एक ही रनवे पर आए इसकी जांच शुरू हो गई है।

रात करीब 10 बजे एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए। एटीसी की सतर्कता और दोनों पायलटों की सूझबूझ के चलते एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बताते हैं कि एटीसी ने समय रहते दोनो पायलटों को चेतावनी दी जिसके बाद उन्होंने विमान रोक लिए, तब दोनों के बीच महज 20 मीटर का फासला बचा था। एयरलाइंस की तरफ से बताया गया है कि दोनों विमानों में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

दरअसल सिलीगुड़ी से मुंबई एयरपोर्ट पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट रनवे से पूरी तरह हटी नहीं थी कि दिल्ली जाने को तैयार एयर इंडिया का विमान उसी रनवे पर आ गया और टेकऑफ की तैयारी करने लगा। रनवे पर लैंडिंग और टेकऑफ की स्थिति में दोनों विमान आमने-सामने आ गए। जैसे ही एटीसी को इसका अहसास हुआ तुरंत एयर इंडिया के विमान को टेकऑफ से रोक दिया। एटीसी से निर्देश मिलते ही पायलट ने उड़ान रोक दी और विमान वहीं खड़ा हो गया इससे दोनों विमानों के बीच टक्कर बच गई।

घटना पर एयर इंडिया की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एटीसी से निर्देश मिलते ही पायलट ने टेकऑफ की प्रक्रिया रोकदी जिससे हादसा बच गया। फिर भी विमान की पूरी जांच कराई जा रही है और यात्रियों को दिल्ली भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करा दी गई। बयान में कहा गया है एयरलाइन की प्राथमिकता यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा है और हादसा टलने पर सभी ने राहत की सांस ली है। एयरलाइंस ने भी माना कि एटीसी की सतर्कता से भीषण हादसा बच गया।

Leave Your Comment