न्यूज प्लस डेस्क, लखनऊ। उप्र में SIR के बाद कटे 2.89 करोड़ मतदाताओं पर सभी दल नफा-नुकसान का आकलन कर रहे हैं, अभी तक माना जा रहा है कि ज्यादा नुकसान भाजपा को होगा। लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के आकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में अभी साढ़े तीन करोड़ युवा मतदाता जुड़ने की गुंजाइश है। यह मतदाता जुड़े तो भाजपा को ज्यादा फायदा हो सकता है। इसका जिक्र सीएम योगी ने भी अपने कार्यकर्ताओं की बैठक में किया है।
उप्र में जब SIR शुरू हुआ था बिहार में विपक्ष की तरह सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यहां भी खूब शोर मचाया और इसे अवैधानिक करार दिया। उनका कहना था चुनाव के डेढ़ साल बाकी हैं पर SIR में जल्दबाजी करके उनके वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने पीडीए और मुस्लिम वोट काटने का आरोप लगाया। SIR पूरा होने पर जो रिजल्ट सामने आया वह उल्टा आया, मुस्लिम बाहुल्य सीटों पर कम वोट कटे जबकि लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज जैसे जिलों की हिंदू बाहुल्य सीटों पर सबसे ज्यादा वोट कटे। 2.89 करोड़ वोट SIR में कटे इसके अलावा एक करोड़ से ज्यादा वोटरों पर अभी तलवार लटकी है जिनकी मैपिंग नहीं हो पायी या कहें इनके नाम तो हैं पर साक्ष्य नहीं दे पाए। नोटिस के बाद भी यह साक्ष्य नहीं दे पाए को इनके नाम भी कटेंगे यानी कुल चार करोड़ के आसपास वोट कट जाएंगे। प्रदेश में 15.44 करोड़ वोटर थए जिनमें से चौथाई वोटर कट जाएंगे तो इसका सीधा नुकसान भाजपा को हो रहा है, खुद सीएम योगी यह अपने कार्यकर्ताओं को इशारा कर चुके हैं और अब अखिलेश यादव खुलकर यह कह रहे हैं।
अब बात करते हैं SIR के बाद संसोधन के लिए मिले एक माह के समय पर, इस समय में बचे या गलती से कटे मतदाता अपने नाम जुड़वा सकते हैं या किसी गलती पर संसोधन करा सकते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के आकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 तक साढ़े तीन करोड़ वह युवा मतदाता तैयार हो चुके हैं जिनकी आयु 18 साल हो चुकी है। यह मतदाता अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने भी इस अवधि में एक करोड़ नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। अगर यह मतदाता जुड़ते हैं तो सीधा फायदा भाजपा का माना जा रहा है, इसके लिए भाजपा ने कमर कस ली है।
इलेक्शन कमीशन के ऐप से ऑनलाइन बने मतदाता
इलेक्शन कमीशन ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या किसी संसोधन के लिए ऑनलाइन सुविधा भी दी है। कोई भी इलेक्शन कमीशन के ऐप से अपना नाम जुड़वा या किसी गलती पर संसोधन करा सकता है। नाम जुड़वाने के लिए एप के जरिए फार्म-6 भरना होगा जबकि संसोधन के लिए फार्म-8 पूरा भरना है। इसके लिए इलेक्शन कमीशन ने 6 मार्ट तक का समय दिया है। जो युवा एक जनवरी को 18 साल के हो चुके हैं उनके नाम तत्काल मतदाता सूची में जुड़ जाएंगे। अगले महीनों में 18 साल पूरे करने वाले युवा भी फार्म-6 भर सकते हैं, इनके नाम इलेक्शन कमीशन के पास रहेंगे और आगे नाम जुड़ जाएंगे।



