13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ कैश, रिटायर अफसर के घर मिला इतना खजाना, जानकर रह जाएंगे दंग ?
उत्तर प्रदेश विजिलेंस एस्टेब्लिशमेंट ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। अदालत से तलाशी वारंट मिलने के बाद हुई कार्रवाई में जांच टीम को बड़ी मात्रा में नकदी, कीमती आभूषण और कई संपत्तियों के दस्तावेज मिले। शुरुआती जांच में बरामद संपत्ति का मूल्य करीब ₹35 करोड़ बताया जा रहा है।
घर से मिला करोड़ों का खजाना
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखे गए करीब ₹1.62 करोड़ नकद बरामद किए। इसके अलावा लगभग 13 किलो सोना और 9 किलो चांदी भी मिली, जिनमें सोने की सलाखें, आभूषण, चांदी के बिस्कुट और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, सिर्फ सोना-चांदी की अनुमानित कीमत करीब ₹20 करोड़ आंकी गई है।
कई शहरों में संपत्तियों का जाल
जांच के दौरान लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और नोएडा में मकान, प्लॉट, कृषि भूमि और फ्लैटों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इन अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब ₹13 करोड़ बताई जा रही है। इसके अलावा बैंक जमा, डाकघर योजनाओं, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में ₹1 करोड़ से अधिक निवेश के दस्तावेज भी बरामद हुए। घर से दो कार और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर भी मिली है।
जांच तेज, आगे होगी कानूनी कार्रवाई
विजिलेंस के अनुसार, बरामद नकदी, संपत्ति और निवेश से जुड़े सभी दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। ललित कुमार पहले कानपुर और बाद में आगरा में एआरटीओ के पद पर तैनात रहे थे। उनके खिलाफ पहले भी आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच चल रही थी। इस बड़ी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली विजिलेंस टीम को उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक की ओर से ₹1 लाख के नकद पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।
