logo

BREAKING NEWS
राहुल गांधी का 'PM मोदी' पर तीखा हमला: सिर्फ शो-बाजी, उनमें दम नहीं...

राहुल गांधी का 'PM मोदी' पर तीखा हमला: सिर्फ शो-बाजी, उनमें दम नहीं...

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित 'OBC भागीदारी न्याय सम्मेलन' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि मोदी में कोई दम नहीं है उनकी सिर्फ शो-बाजी हैं।

राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान जब पार्टी के सदस्यों से पूछा कि देश की सबसे बड़ी समस्या क्या है, तो एक व्यक्ति ने जवाब में पीएम मोदी का नाम लिया। इस पर राहुल ने तंज कसते हुए कहा, "नरेंद्र मोदी कोई बड़ी समस्या नहीं हैं। मैं उनसे मिल चुका हूं, उनके साथ कमरे में बैठा हूं। बस ‘शो’ हैं, कोई दम नहीं है। उन्होंने आगे कहा- "पहले मैं उनसे नहीं मिला था, लेकिन अब मैं उनसे 2-3 बार मिल चुका हूं। अब मुझे समझ आ गया है कि कुछ भी नहीं है - वे सिर्फ दिखावा हैं, कोई दम नहीं। राहुल ने यह भी कहा कि यह उनका निजी अनुभव है कि पीएम मोदी में कोई गहराई या ताकत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मीडिया ने मोदी को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है, जिससे जनता में उनके बारे में एक भ्रामक छवि बनी है।

राहुल गांधी ने अपने भाषण में ओबीसी समुदाय के मुद्दों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बार-बार 'हिंदू इंडिया' की बात करते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि भारत के 50% हिंदू ओबीसी समुदाय से आते हैं। उन्होंने सवाल उठाया, "अगर भारत ‘हिंदू इंडिया’ है, तो फिर मीडिया और कॉर्पोरेट सेक्टर में ओबीसी की मौजूदगी क्यों नहीं है? बड़े-बड़े टीवी एंकरों की सूची में कितने ओबीसी हैं?

राहुल ने कहां मेरी ओबीसी युवाओं से सबसे बड़ी शिकायत यह है कि वे अपनी ताकत नहीं समझते। उन्होंने कहा, "दलित, पिछड़े वर्ग, आदिवासी और अल्पसंख्यक मिलकर देश की लगभग 90% आबादी बनाते हैं, लेकिन बजट तैयार होने के बाद जब हलवा बांटा जा रहा था, तो इस 90% आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाला कोई नहीं था। यही 90% आबादी देश की उत्पादक शक्ति है।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "आप हलवा बनाते हैं, लेकिन वे इसे खाते भी हैं। हम यह नहीं कह रहे कि उन्हें हलवा नहीं खाना चाहिए, लेकिन कम से कम आपको भी तो मिलना चाहिए।

राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना को अपनी प्राथमिकता बताया और कहा, "जातिगत जनगणना मेरा पहला कदम है। मेरा लक्ष्य है कि आपके काम को हिंदुस्तान में सम्मान और भागीदारी मिले।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को नहीं छोड़ेंगे।

आपको बता दें राहुल गांधी के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। कुछ X पोस्ट्स में उनके बयान का समर्थन किया गया, जबकि अन्य ने इसे पीएम मोदी का अपमान बताया। एक यूजर ने लिखा, "राहुल गांधी ने फिर प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया और कहा कि वह कुछ भी नहीं हैं, वह सिर्फ़ मीडिया द्वारा फैलाया गया एक प्रचार या गुब्बारा हैं।" वहीं, कांग्रेस समर्थकों ने इसे राहुल की बेबाकी का उदाहरण बताया।

Leave Your Comment