कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बार फिर भारत के चुनावी सिस्टम पर और चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए है, राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत का चुनावी सिस्टम "मर चुका है" और 2024 के लोकसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई।
राहुल गांधी ने कहा, "सच्चाई यह है कि भारत का इलेक्शन सिस्टम अब खत्म हो चुका है। हम आने वाले कुछ दिनों में आपको साबित कर देंगे कि लोकसभा चुनाव में कैसे धांधली हो सकती है और हुई भी।" उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर 15-20 सीटों पर गड़बड़ी न हुई होती, तो नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री नहीं होते। राहुल ने इसे "खुला और बंद मामला" करार देते हुए कहा कि कांग्रेस के पास इसके ठोस सबूत हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही अपने दावों के समर्थन में डेटा और दस्तावेज पेश करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "हमारे पास सबूत हैं, और हम इसे साबित करेंगे।" हालांकि, चुनाव आयोग ने राहुल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की और उनके दावों का कोई आधार नहीं है।
राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर आरोप
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह संस्था स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि ECI ने लोकतंत्र को धोखा दिया है और वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। राहुल ने इसे "एटम बम" जैसा खुलासा बताया, जिससे चुनाव आयोग की साख पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।
राहुल ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में हुए चुनावों पर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा, "हमें 2014 से ही शक था, लेकिन गुजरात विधानसभा चुनाव और हाल के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ने हमारे संदेह को और मजबूत किया। राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में एक भी सीट न मिलना हैरान करने वाला है।
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी का जवाब
राहुल गांधी के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। राहुल के इस बयान का रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जवाब दिया। राजनाथ बोले- अगर आपके पास परमाणु बम है तो उसे फोड़ दें। हां इतना ख्याल रखें कि आप सुरक्षित रहें।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, "राहुल गांधी और कांग्रेस बार-बार निराधार आरोप लगाकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने एनडीए को स्पष्ट जनादेश दिया है। 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने 293 सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी को 240 सीटें मिलीं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने 234 सीटें हासिल कीं, जिसमें कांग्रेस को 99 सीटें मिलीं। राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों से जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी।



