logo

header-ad
header-ad
कानपुर में प्यार का खौफनाक अंत, गर्लफ्रेंड की हत्या कर सूटकेस में भरा शव, फेंकने से पहले ली सेल्फी

कानपुर में प्यार का खौफनाक अंत, गर्लफ्रेंड की हत्या कर सूटकेस में भरा शव, फेंकने से पहले ली सेल्फी

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जो प्यार और धोखे की एक काली कहानी बयां करता है। एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी, शव को सूटकेस में भर लिया और फिर दोस्त की मदद से 100 किलोमीटर दूर बांदा के चिल्ला पुल पर यमुना नदी में फेंक दिया। सबसे चौंकाने वाली बात तो यह है कि शव फेंकने से ठीक पहले आरोपी ने सूटकेस के साथ सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर स्टेटस भी लगाया। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है, और पूछताछ में हत्या का पूरा राज खुल गया है।

मामला कानपुर के हनुमंत विहार इलाके का है। आरोपी सूरज (उम्र 25 वर्ष) और पीड़िता आकांक्षा (उम्र 22 वर्ष) इंस्टाग्राम पर मिले थे। उनकी दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई, और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। लेकिन सूरज का एक और अफेयर चल रहा था – एक दूसरी लड़की से, जिसका नाम विजयश्री बताया जा रहा है। आकांक्षा को सूरज के फोन में व्हाट्सएप चैट्स के जरिए इस धोखे का पता चल गया।

21 जुलाई 2025 को दोनों के बीच इस बात को लेकर जमकर झगड़ा हुआ। गुस्से में आकांक्षा ने शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिससे सूरज भड़क गया। उसने पहले आकांक्षा को जमकर पीटा, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सूरज ने शव को कमरे में ही रखा और अगले दो दिनों तक उसके साथ सोता रहा, ताकि किसी को शक न हो। इस दौरान वह आकांक्षा के फोन से मैसेज का जवाब भी देता रहा।

हत्या के दो दिन बाद, सूरज ने अपने दोस्त आशीष को बुलाया। दोनों ने मिलकर आकांक्षा के शव को एक बड़े सूटकेस में ठूंस दिया। रात करीब 2:30 बजे दोनों बाइक पर सवार होकर कानपुर से 95-100 किलोमीटर दूर बांदा जिले के चिल्ला पुल पहुंचे। वहां सूरज ने सूटकेस के साथ एक सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर स्टेटस अपलोड कर दिया। इसके बाद उन्होंने सूटकेस को यमुना नदी के उफनते पानी में धकेल दिया, ताकि शव कभी न मिले। सूरज ने आकांक्षा का मोबाइल फोन कानपुर सेंट्रल स्टेशन की एक ट्रेन में छोड़ दिया, जिससे ट्रेसिंग मुश्किल हो जाए।

सेल्फी और स्टेटस बने अंजाम का कारण

आकांक्षा के परिवार को जब उसके गायब होने का पता चला, तो उन्होंने कानपुर पुलिस में मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को सूरज के व्यवहार पर शक हुआ। पूछताछ में सूरज टूट गया और पूरे वारदात का कबूलनामा दे दिया। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि सूरज की सेल्फी और स्टेटस ने ही पुलिस को क्लू दिया। सोशल मीडिया ट्रैकिंग से चिल्ला पुल का लोकेशन मिला, और वहां से सूटकेस के अवशेष भी बरामद हो गए। हालांकि, शव यमुना के तेज बहाव में बह गया है, और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने सूरज और आशीष को हिरासत में ले लिया है। एसएसपी (कानपुर) ने बताया कि आरोपी सूरज शादीशुदा था और कई लड़कियों से अफेयर चला रहा था। हत्या का मुख्य कारण आकांक्षा का शादी का दबाव और धोखे का खुलासा था। दोनों के खिलाफ IPC की धारा 302 (हत्या), 201 (साक्ष्य मिटाना) और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave Your Comment