कानपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को स्पेशल 26 की याद दिला दी। फिल्म में जिस तरह नकली अधिकारी बनकर ठगी दिखाई गई थी, ठीक उसी तरह यहां बदमाशों ने खुद को पेट्रोलियम कंपनी का अधिकारी बताकर वारदात को अंजाम दिया। यह मामला शहर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र की चरण सिंह कॉलोनी का है, जहां ठगों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए।
घर में महिलाओं को बनाया निशाना
घटना के समय घर में केवल महिलाएं और एक बच्ची मौजूद थीं। घर की मालकिन स्कूल गई थीं और पुरुष सदस्य भी बाहर थे। इसी मौके का फायदा उठाकर दो युवक बाइक से घर पहुंचे और खुद को जांच अधिकारी बताते हुए अंदर घुस गए। उनकी बातों पर भरोसा कर घर की महिला ने उन्हें किचन तक जाने दिया।
जांच के बहाने की चाल
किचन में पहुंचते ही एक युवक ने गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोल दिया और भरा हुआ सिलेंडर बाहर निकाल लिया। इसी दौरान दूसरे युवक ने पास रखा खाली सिलेंडर भी उठा लिया। दोनों ने पूरी प्लानिंग के साथ कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे किसी को शक तक नहीं हुआ।
रसीद के बहाने ध्यान भटकाया
ठगों ने चालाकी दिखाते हुए महिला से गैस की रसीद मांग ली। जैसे ही वह रसीद लेने के लिए दूसरे कमरे में गईं, दोनों आरोपी सिलेंडर लेकर बाहर निकले और बाइक पर बैठकर फरार हो गए। जब तक महिला वापस लौटीं, तब तक दोनों आरोपी मौके से गायब हो चुके थे।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दोनों आरोपी सिलेंडर ले जाते हुए साफ नजर आए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और लगातार जांच जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके और किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश न दिया जाए।
