logo

BREAKING NEWS
दिल्ली में येलो अलर्ट, यूपी-बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का खतरा; IMD ने जारी की चेतावनी

दिल्ली में येलो अलर्ट, यूपी-बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का खतरा; IMD ने जारी की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज राजधानी में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। अगले चार दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

यूपी, बिहार और मध्य भारत में भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 7 से 12 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत भी अलर्ट पर

गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसके अलावा केरल, तटीय कर्नाटक और आंतरिक कर्नाटक में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में इसका असर और बढ़ सकता है।

पहाड़ी इलाकों में बढ़ी चिंता

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन, नदियों का जलस्तर बढ़ने और सड़क मार्ग प्रभावित होने का खतरा बना रहेगा। वहीं मैदानी इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Leave Your Comment