बिहार में चुनाव से पहले सियासत तेज है। रविवार को गांधी मैदान से हिन्दुत्व की हुंकार भरी गई, जहां बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और रामभद्राचार्य शामिल कई साधू संत शामिल हुए। मंच पर कथावाचक द्वारा दिए गए गजवा-ए-हिन्द, नही भगवा-ए-हिन्द वाले बयान पर सियासत गरमा गई है।
आल इंडिया मुस्लिम जमात (AIMJ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और रामभद्राचार्य पर तंज कंसते हुए कहा कि ये लोग देश को धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा भारत न ‘भगवा-ए-हिंद’ बनेगा और न ही ‘गजवा-ए-हिंद’। यह एक लोकतांत्रिक देश है। हमेशा लोकतांत्रिक रहेगा।
मौलाना रज़वी ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री और जगतगुरु रामभद्राचार्य मौसम देखकर बयान देते हैं। इस वक्त बिहार में चुनाव नजदीक हैं, और तमाम राजनीतिक दलों की तरह ये कथावाचक भी सियासी माहौल गर्म करने में जुटे हैं। धीरेंद्र शास्त्री कह रहे हैं कि अगर भारत हिंदू राष्ट्र बना तो बिहार पहला राज्य होगा। यह बयान महज चुनावी फायदे के लिए दिया गया है। वह बीते दो वर्षों से हिंदू राष्ट्र का अभियान चला रहे हैं लेकिन देश की जनता ने इसका साथ नहीं दिया, जिससे उनका पूरा अभियान दम तोड़ चुका है। उन्होंने रामभद्राचार्य के बयान को भी गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि वह कह रहे हैं कि भारत में 80 फीसदी हिंदू हो जाएंगे तो देश को भगवा ए हिंद बना दिया जाएगा। जबकि सच्चाई यह है कि देश में पहले से ही 81 फीसदी गैर मुस्लिम और 19 फीसदी मुस्लिम आबादी है। ऐसे में यह बयान महज कट्टरपंथ को हवा देने वाला है।
जाने पूरा मामला
दरअसल रविवार 6 जुलाई को सनातन महाकुंभ में शामिल हुए, पं. धीरेन्द्र शास्त्री ने धर्मगुरुओं को प्रणाम करते हुए मंच से कहा कि कुछ लोग गजवा-ए-हिन्द चाहते हैं लेकिन उनका एक सपना और संकल्प है भगवा-ए-हिन्द बनना चाहिए। उन्होने सीएम योगी के बयान का भी जिक्र किया और कहा, हम बंटेंगे नहीं, बंटे तो कहीं के नहीं रहेंगे। उन्होंने दोहराया हम बटेंगे नहीं-कटेंगे नहीं। उन्होंने कहा कुछ लोग तिरंगे पर चांद चाहते हैं, लेकिन हम यह कभी नहीं होने देंगे। पं. धीरेन्द्र शास्त्री ने साफ किया कोई छेड़ेगा तो छोड़ेंगे नहीं, सनातन को मिटाने वाले खुद मिट जाएंगे। धर्म पर घात होगा तो हम प्रतिघात करेंगे। हिन्दुत्व के लिए न झुकेंगे और न रुकेंगे।
पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से ये तो साफ कर दिया की वह किसी पार्टी के नहीं हैं, वह उस पार्टी से है जहां हिन्दू हैं। वह मुस्लिमों, इसाइयों या किसी धर्म के विरोधी नहीं हैं बल्कि उनके विरोधी हैं जो हिन्दुओं जातियों में बांट रहे हैं। उन्होंने कहा सनातन मिटाने की सोच रखने वाले खुद मिट जाएंगे।
जगतगुरु रामभद्रचार्य महाराज ने साफ किया वह जाति आधारित जनगणना के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहाकि जो जातिवाद तोड़ने की बात करते हैं, फिर वही जाति वाली बात करते हैं। बिहार में जन्में रामधारी दिनकर की पंकित्यां याचना नहीं अब रण होगा..याद दिलाते हुए स्वामी रामभद्राचार्य़ ने कहा कि अब हिन्दू विरोधियों से संग्राम होगा, राष्ट्र विरोधियों का दमन करेंगे, हिन्दू विरोधियों का दमन करेंगे और राम विरोधियों का दमन करेंगे। उन्होंने भी सनानत को बंटने से बचाने का संकल्प लिय़ा और कहा जब हिन्दुओं का आबादी 80 फीसदी होगी तब भारत हिन्दू राष्ट्र बनेगा।



