न्यूज प्लस डेस्क, नई दिल्ली। कोलकाता में TMC के आईटी सेल में ईडी के छापे से दिल्ली तक घमासान मचा है। छापे के दौरान दफ्तर पहुंची सीएम ममता बनर्जी कई महत्वपूर्ण फाइलें खुद उठा ले गई थीं। इसके खिलाफ ईडी ने हाईकोर्ट का रुक किया है, दूसरी तरफ ममता बनर्जी भी छापे पर ईडी के खिलाफ हाईकोर्ट से लेकर सड़क तक संघर्ष कर रही हैं।
कल यानी 8 जनवरी 2025 को ईडी ने TMC के आईटी सेल में छापा मारा था। जैसे ही छापे की जानकारी मिली ममती बनर्जी खुद अपने आईटी सेल दफ्तर पहुंचीं और छापे का विरोध किया। इतना ही नहीं वह कई महत्वपूर्ण फाइलें भी दफ्तर से उठा ले गईं। ममता बनर्जी ने छापे को अवैधानिक बताया तो ईडी ने इसे सरकारी काम में बाधा बताया। दोनों एक दूसरे के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंच गए। आईटी सेल को टीएमसी का आंख-कान माना जाता है, यहीं से टीएमसी के चुनाव का संचालन होता है।
ईडी के छापे के खिलाफ ममता बनर्जी कोलकाता में मार्च निकाल रही हैं तो दिल्ली में टीएमसी सांसदों ने गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर प्रदर्शन किया। तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे सांसदों की पुलिस से झड़प हुई और उनको हिरासत में ले लिया गया, हालांकि बाद में उनको रिहा कर दिया गया। उधर कोलकाता में ममता बनर्जी खुद ईडी के खिलाफ मार्च का नेतृत्व कर रही हैं, उन्होंने कहाकि चुनाव को प्रभावित करने के लिए भाजपा की केंद्र सरकार ईडी का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहाकि भाजपा क्षेत्रीय दलों पर ईडी और सीबीआई के छापे डलवाकर उनको समाप्त करने की साजिश कर रही है।



