नई दिल्ली, न्यूज प्लस। बिहार मंत्रिमंडल का फार्मूला लगभग तय हो चुका है लेकिन स्पीकर को लेकर पेंच फंस गया और डिप्टी सीएम को लेकर सस्पेंस अभी बरकार है।
बिहार का मुख्यमंत्री तय करने के लिए कल एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। यह तय हो चुका है कि नितीश कुमार विधायक दल के नेता चुने जाएंगे और वही अगले मुख्मंत्री होंगे। नितीश 20 नवंबर को 10वीं बार मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। पिछली बार भाजपा से सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दो डिप्टी सीएम थे लेकिन इस बार तीन डिप्टी पर बात चल रही है। एक डिप्टी सीएम चिराग की पार्टी को मिल सकता है और भाजपा दो में से एक चेहरा बदल सकती है। दो डिप्टी सीएम रहते हैं तो भी चिराग पासवान को एक पद मिलने की उम्मीद है।
बड़ा पेंच विधानसभा स्पीकर को लेकर फंसा है, जेडीयू और भाजपा दोनों अपना स्पीकर चाहते हैं। पिछली बार सीटों का अंदर काफी था इसलिए जेडीयू बार्गेनिंग की स्थिति में नहीं था लेकिन इस बार स्थिति अलग है। नितीश की छवि पलटूराम की है इसलिए भाजपा किसी भी कीमत पर अपना स्पीकर चाहती है। बात न बनने पर केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता ललन सिंह व जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को स्पीकर का पेंच सुलझाने के लिए चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली जाना पड़ा। आज उनकी मुलाकात अमित शाह और जेपी नड्डा से हुई लेकिन अभी तय नहीं हो पाया स्पीकर किस दल का होगा। कल होने वाली विधायक दल की बैठक में संभवतः सीएम के साथ स्पीकर का नाम भी तय होने की संभावना है।



