न्यूज प्लस डेस्क, लखनऊ। लोकसभा से लेकर यूपी विधानसभा तक हंगामा बरपा है, विपक्ष के मोर्चे के आगे सत्ता पक्ष बेदम है। राहुल गांधी लगातार एक अनछपी किताब पर सरकार पर हमलावर हैं, और बात यहां तक पहुंच गई है कि विपक्ष अब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। इधर यूपी विधानसभा में विपक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान गो-बैक के नारे लगाए, इतना हंगामा हुआ कि अंततः कार्रवाई एक दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी।
गलत कौन है, सही कौन, सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं लेकिन तय है कि जनता का पैसा लोकसभा हो या यूपी विधानसभा दोनों जगह बरबाद हो रहा है। जहां जनता के हित के लिए चर्चा होनी चाहिए वहां सिर्फ हंगामा हो रहा है। लोकसभा की स्थिति यह है कि खुद प्रधानमंत्री तक सवालों का जवाब देने लोकसभा नहीं पहुंचे, कहा गया कि विपक्ष से उनको खतरा था। तब से हंगामा लगातार जारी है, राहुल गांधी लगातार कह रहे हैं कि सदन में उनको बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। अब वह सदन के बाहर हमलावर हैं और विपक्ष का मोर्चा लगातार जाकी है, अब कहा जा रहा है कि सदन में विपक्ष के साथ भेदभाव हो रहा है इसलिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे।
यही हाल पहले दिन यूपी विधानसभा का हुआ, बजट सत्र शुरू होते ही रणनीति के तहत विपक्ष खासकर सपा ने जोरदार हमला किया। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान लगातार नारेबाजी होती रही, सदन के अंदर और बाहर सपा विधायक लगातार हंगामा करते रहे। राज्यपाल ने योगी सरकार की जमकर तारीफ की और सीएम योगी लगातार कहते रहे कि वह हर मुद्दे पर बहस कराना चाहते हैं लेकिन हंगामे के कारण कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी। जिस तरह की रणनीति विपक्ष ने बनायी है अगले दिनों भी सदन चलने की उम्मीद बहुत है।



