logo

header-ad
header-ad
भारत पर ट्रम्प का 25% टैरिफ 7 दिन टला, पकिस्तान, बांग्लादेश समेत 90 देशों को भी राहत

भारत पर ट्रम्प का 25% टैरिफ 7 दिन टला, पकिस्तान, बांग्लादेश समेत 90 देशों को भी राहत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत सहित 90 से अधिक देशों पर प्रस्तावित टैरिफ को 7 दिन के लिए टाल दिया है। यह टैरिफ, जो 1 अगस्त 2025 से लागू होने वाला था, अब 7 अगस्त 2025 से प्रभावी होगा। इस फैसले से भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, वियतनाम और अन्य देशों को अस्थायी राहत मिली है। ट्रम्प ने यह कदम व्यापार समझौतों को अंतिम रूप देने के लिए अतिरिक्त समय देने के उद्देश्य से उठाया है।

ट्रम्प ने 31 जुलाई 2025 को घोषणा की थी कि भारत से आयातित सामानों पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा, जबकि अन्य देशों पर 10% से 41% तक का रेसिप्रोकल टैरिफ लागू होगा।

  • सीरिया पर सबसे अधिक 41% टैरिफ।
  • स्विट्जरलैंड पर 39% टैरिफ।
  • कनाडा पर 35% टैरिफ, जो 1 अगस्त से ही लागू हो गया।
  • पाकिस्तान पर टैरिफ 29% से घटाकर 19%।
  • बांग्लादेश और वियतनाम पर 20% टैरिफ।
  • दक्षिण अफ्रीका पर 30% टैरिफ।

व्हाइट हाउस के मुताबिक यह टैरिफ आदेश जारी होने के 7 दिन बाद, यानी 7 अगस्त से लागू होगा। हालांकि, यदि कोई सामान 7 अगस्त तक जहाज पर लोड हो चुका है और 5 अक्टूबर तक अमेरिका पहुंच जाता है, तो उस पर नया टैरिफ लागू नहीं होगा, बशर्ते वह पहले से ट्रांजिट में हो।

भारत पर टैरिफ का कारण

ट्रम्प का कहना है कि भारत अमेरिकी सामानों पर दुनिया में सबसे अधिक टैरिफ लगाता है, कुछ मामलों में 100% से 175% तक। इससे अमेरिका के साथ भारत का व्यापार सीमित रहा है। ट्रम्प ने भारत के रूस से तेल और सैन्य उपकरणों की खरीद पर आपत्ति जताई, खासकर तब जब वैश्विक समुदाय रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने की कोशिश कर रहा है। भारत की व्यापार नीतियों को ट्रम्प ने कठिन और आपत्तिजनक बताया, जो अमेरिकी निर्यात को प्रभावित करती हैं। ट्रम्प ने भारत को "अच्छा दोस्त" बताते हुए कहा कि वह व्यापार समझौते के लिए बातचीत जारी रखना चाहते हैं, लेकिन भारत की मौजूदा नीतियां अमेरिकी हितों के लिए अनुकूल नहीं हैं।

टैरिफ के बाद भारत पर क्या पड़ेगा असर

भारत के लिए 25% टैरिफ का असर कई क्षेत्रों पर पड़ सकता है इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, और मरीन फूड ये क्षेत्र भारत के अमेरिका को 91 अरब डॉलर के निर्यात का लगभग 5% हिस्सा हैं। वियतनाम जैसे देश, जिन पर 20% टैरिफ है, भारत के साथ प्रतिस्पर्धा में बढ़त हासिल कर सकते हैं। यह टैरिफ भारत की जीडीपी को 0.1-0.6% तक प्रभावित कर सकता है। मूडीज एनालिटिक्स ने 2025 के लिए भारत की विकास दर को 6.1% तक घटा दिया है, जिसमें गहने, मेडिकल डिवाइस, टेक्सटाइल, और ऑटो कंपोनेंट्स सबसे अधिक प्रभावित होंगे।

अन्य देशों पर प्रभाव

  • पाकिस्तान: 19% (पहले 29% से कम)।
  • बांग्लादेश: 20% (पहले 35% से कम)।
  • श्रीलंका: 20%।
  • इराक और सर्बिया: 35%।
  • लाओस और म्यांमार: 40%।

कनाडा को छोड़कर, जहां 35% टैरिफ 1 अगस्त से लागू हो गया, अन्य देशों को 7 अगस्त तक की राहत दी गई है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

भारत में विपक्ष ने इस टैरिफ को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रम्प के "डेड इकोनॉमी" बयान का समर्थन करते हुए कहा कि यह भारत की आर्थिक स्थिति को दर्शाता है। वहीं, सरकार ने राष्ट्रीय हितों की रक्षा का भरोसा दिलाया है।

भारत सरकार ने टैरिफ के जवाब में सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संसद में कहा कि भारत राष्ट्रीय हितों के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। सरकार जवाबी टैरिफ लगाने के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर जोर दे रही है। आपको बता दें भारत और अमेरिका के बीच 5 दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं, और अगली वार्ता 25 अगस्त को प्रस्तावित है। सरकार का लक्ष्य सितंबर या अक्टूबर तक व्यापक व्यापार समझौता करना है।

Leave Your Comment