उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस पर विशाल पेड़ गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख चौराहे के पास राजा बाजार में हुआ। भारी बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते यह दुर्घटना घटी।
जानकारी के अनुसार, बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही रोडवेज की बस में करीब 40 यात्री सवार थे। सुबह करीब 10:30 बजे भारी बारिश और तेज हवा के बीच सड़क किनारे खड़ा एक विशाल गूलर का पेड़ अचानक बस के अगले हिस्से पर गिर गया। पेड़ की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की छत पूरी तरह पिचक गई और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतकों में बस चालक और चार महिलाएं शामिल हैं, जिनमें दो प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिकाएं थीं। मृतकों में से एक की पहचान शहर के मोहल्ला गुलरिया गार्दा की निवासी शिक्षा मेहरोत्रा (53) के रूप में हुई है, जबकि अन्य तीन महिलाओं की आयु 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। एक अन्य शिक्षिका, जो कादीपुर के प्राथमिक स्कूल में तैनात थीं, भी इस हादसे में मारी गईं।
बस मे सवार शैल वर्मा ने बताया, "बस में काफी यात्री थे, कुछ लोग खड़े भी थे। अचानक चालक के मुंह से 'अरे' की आवाज आई और पेड़ बस पर गिर गया। बस की छत पूरी तरह पिचक गई, जिससे कई यात्री फंस गए। मैं पीछे की सीट पर थी, इसलिए बच गई।" एक अन्य घायल महिला शिक्षिका ने कहा, "हम सभी अपने-अपने स्कूलों में जाने के लिए बस में सवार थे। अचानक पेड़ गिरा और सब कुछ खत्म हो गया। हादसे के बाद कुछ लोग घटनास्थल पर वीडियो बनाने में व्यस्त थे, जिसका एक घायल महिला यात्री ने विरोध किया। उन्होंने कहा, "हम यहां जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, और आप वीडियो बना रहे हैं। अगर आप मदद करते तो हम जल्दी बाहर निकल पाते।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही सतरिख और जैदपुर थाने की पुलिस, स्थानीय लोग, और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य में देरी हुई, लेकिन वन विभाग के कर्मचारियों ने पेड़ काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सतरिख में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सीएम योगी ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के त्वरित उपचार के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बारिश और तेज हवा के कारण पुराने पेड़ों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं, जिससे वे गिरने का खतरा रहता है। लोगों को सलाह दी गई है कि ऐसी स्थिति में बड़े पेड़ों के पास वाहन खड़े करने या गुजरने से बचें।
बाराबंकी में बारिश का कहर
बाराबंकी में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। सिरौली गौसपुर और कोटवा धाम जैसे क्षेत्रों में नालियों के उफान से सड़कों पर कीचड़ और गंदगी फैल गई है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।



