टीम इंडिया में टी20 फॉर्मेट को लेकर बड़ा बदलाव होता दिखाई दे रहा है। लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी खतरे में बताई जा रही है। पिछले कुछ समय से उनकी बल्लेबाजी फॉर्म लगातार सवालों में रही है और इसी वजह से चयन समिति नए विकल्पों पर विचार कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक IPL 2026 खत्म होने के बाद भारतीय टीम को नया टी20 कप्तान मिल सकता है। अब तक श्रेयस अय्यर का नाम सबसे आगे माना जा रहा था लेकिन अब एक नई रिपोर्ट ने पूरी तस्वीर बदल दी है।
संजू सैमसन का नाम सबसे आगे
ताजा रिपोर्ट के अनुसार संजू सैमसन टीम इंडिया के अगले टी20 कप्तान बन सकते हैं। बताया जा रहा है कि जून के आखिर में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर होने वाली टी20 सीरीज में वह पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आ सकते हैं। संजू पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था और टीम इंडिया को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इतना ही नहीं उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। इसके अलावा IPL 2026 में भी उनका बल्ला लगातार रन उगल रहा है।
कप्तानी का भी लंबा अनुभव
संजू सैमसन सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं बल्कि कप्तानी में भी खुद को साबित कर चुके हैं। IPL में वह लंबे समय से राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी संभाल रहे हैं और दबाव में टीम को संभालने की क्षमता दिखा चुके हैं। चयनकर्ताओं का मानना है कि टीम इंडिया को अब ऐसे कप्तान की जरूरत है जो लंबे समय तक टीम को संभाल सके। संजू की फिटनेस, निरंतरता और शांत स्वभाव को भी उनकी बड़ी ताकत माना जा रहा है। यही वजह है कि अब चयन समिति उन्हें मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है।
श्रेयस अय्यर क्यों पीछे पड़े?
कुछ समय पहले रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि श्रेयस अय्यर को कप्तानी मिल सकती है। मगर ताजा जानकारी के मुताबिक संजू का पलड़ा भारी माना जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि संजू पिछले करीब दो साल से लगातार टीम इंडिया का हिस्सा रहे हैं और कई बड़े टूर्नामेंट खेल चुके हैं। वहीं अय्यर 2023 के बाद से टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने पहले उनकी टीम में वापसी का सवाल है। सीधे कप्तानी मिलने की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है।
उप-कप्तान भी बन सकते हैं संजू
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर चयन समिति सूर्यकुमार यादव को एक आखिरी मौका देना चाहती है तो आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर वही कप्तानी करेंगे। ऐसी स्थिति में संजू सैमसन को उप कप्तान बनाया जा सकता है। फिलहाल टीम इंडिया के उप कप्तान अक्षर पटेल हैं लेकिन IPL में दिल्ली की स्थिति को देखते हुए अब बदलाव की संभावना बढ़ गई है।
