थकान होना आम बात है और दिनभर काम करने या एक्सरसाइज के बाद ऐसा महसूस होता है। आमतौर पर आराम और नींद लेने से यह ठीक भी हो जाती है। लेकिन जब थकान कई दिनों तक बनी रहे और आराम करने के बाद भी खत्म न हो, तो यह शरीर के लिए चेतावनी हो सकती है।
शरीर में पोषण की कमी से बढ़ती समस्या
एक्सपर्ट के अनुसार शरीर में विटामिन और आयरन की कमी थकान का बड़ा कारण हो सकती है। शरीर को एनर्जी बनाने के लिए विटामिन बी और डी की जरूरत होती है। जब इनकी कमी होती है तो शरीर कमजोर महसूस करता है और जल्दी थकान होने लगती है।
खून और ऑक्सीजन की कमी का असर
आयरन की कमी से खून की ऑक्सीजन ले जाने की क्षमता कम हो जाती है। इससे शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं पहुंचती और व्यक्ति को हर समय कमजोरी और थकान महसूस होती है। यही कारण है कि कई लोगों को बिना ज्यादा काम किए भी थकान लगती है।
थाइराइड और शुगर भी हो सकते हैं कारण
थाइराइड हार्मोन कम होने पर शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है, जिससे हमेशा थकान बनी रहती है। इसी तरह डायबिटीज होने पर ब्लड शुगर बढ़ने से शरीर अचानक कमजोर महसूस करता है। इन बीमारियों में थकान एक सामान्य लक्षण माना जाता है।
इन आसान उपायों से मिल सकती है राहत
अगर थकान लगातार बनी रहती है, तो अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव करना जरूरी है। संतुलित आहार लें, जिसमें आयरन और विटामिन भरपूर हों। दिन में पर्याप्त पानी पिएं, समय पर खाना खाएं और 6 से 7 घंटे की नींद जरूर लें। इसके अलावा रोज थोड़ा योग और प्राणायाम करना भी फायदेमंद होता है।
इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर थकान के साथ वजन कम होना, हल्का बुखार रहना, सांस फूलना या दिल की धड़कन सामान्य न रहना जैसी समस्याएं दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। लंबे समय तक बनी रहने वाली थकान शरीर में छिपी किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकती है।
