'मिर्जापुर' और 'आर्टिकल 15' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जानी जाने वाली अभिनेत्री ईशा तलवार ने हाल ही में यशराज फिल्म्स (YRF) की कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ईशा के इस खुलासे ने नए कलाकारों पर पड़ने वाले दबाव को लेकर चर्चा छेड़ दी है।
बता दें यह आरोप शानू शर्मा द्वारा हाल ही में द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए गए एक इंटरव्यू के बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने 'सैयारा' फिल्म में अनीत पड्डा की कास्टिंग प्रक्रिया के बारे में बात की थी। शानू ने इस इंटरव्यू का एक हिस्सा अपने इंस्टाग्राम पर भी साझा किया था, जिसके जवाब में ईशा ने यह टिप्पणी की। अभी तक यशराज फिल्म्स या शानू शर्मा की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
ईशा तलवार का यह खुलासा नए कलाकारों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर एक बार फिर सवाल उठाता है। कई बार नए कलाकारों को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जो उनके आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। ईशा की कहानी उन युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा हो सकती है, जो इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं और अनुचित मांगों का सामना करते हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल ईशा तलवार ने अपने इंस्टाग्राम पर इस घटना का जिक्र करते हुए बताया कि यशराज फिल्म्स की कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा ने उन्हें मुंबई के वर्सोवा में मिया कुचीना रेस्टोरेंट में एक ऑडिशन के लिए बुलाया था। ऑडिशन के दौरान उन्हें एक भीड़भाड़ वाले रेस्टोरेंट में, जहां लोग खाना खा रहे थे, एक रोने वाला सीन करने के लिए कहा गया। ईशा ने इसे "कंफ्यूजिंग और अजीब डिमांड" करार देते हुए कहा कि इस अनुभव ने एक युवा अभिनेत्री के रूप में उनके आत्मविश्वास को गहरी चोट पहुंचाई।
ईशा ने अपने पोस्ट में लिखा, "जब मैंने रोल के लिए शानू को ऑडिशन देना शुरू किया, मुझे मुंबई के वर्सोवा में मिया कुचीना रेस्टोरेंट में एक सीन करने के लिए कहा गया। एक बिजी रेस्टोरेंट के बीच में एक रोने वाला सीन, जिसमें कस्टमर मेरी टेबल के बगल में खाना खा रहे थे। मुझे कहा गया कि एक एक्टर के रूप में मुझमें कोई संकोच नहीं होना चाहिए और इसलिए मुझे शानू और उसके कुछ असिस्टेंट के सामने बैठकर रोने वाला सीन करना चाहिए। यह एक बहुत ही कंफ्यूजिंग और अजीब डिमांड थी। इसने फिल्मों में एक यंग लड़की के तौर पर मेरे कॉन्फिडेंस को बुरी तरीके से तोड़ दिया। मैं समझ नहीं पा रही थी कि एक सीनियर कास्टिंग डायरेक्टर को एक यंग लड़की को इस स्थिति से क्यों गुजारना है। ईशा ने आगे कहा कि इस तरह का अनुरोध न केवल अजीब था, बल्कि उनकी मानसिक स्थिति पर भी गहरा असर डाला। उन्होंने इस अनुभव को साझा करते हुए मनोरंजन उद्योग में ऑडिशन प्रक्रियाओं की पारदर्शिता और नैतिकता पर सवाल उठाए।
ईशा तलवार का करियर
ईशा तलवार ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी और बाद में मलयालम फिल्म 'थट्टाथिन मरायथु' में लीड रोल निभाया। वह हिंदी, मलयालम, तमिल, पंजाबी और ओडिया फिल्म इंडस्ट्री में काम कर चुकी हैं। 'मिर्जापुर' और 'सास, बहू और फ्लेमिंगो' जैसी वेब सीरीज में उनके किरदारों को दर्शकों ने खूब सराहा है। उनकी यह पहल न केवल उनके साहस को दर्शाती है, बल्कि इंडस्ट्री में बदलाव की जरूरत को भी उजागर करती है।



