रामायण भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो चुकी है। करीब 4000 करोड़ रुपये के इस मेगा प्रोजेक्ट ने रिलीज से पहले ही नया रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म का टीजर आते ही चर्चा और तेज हो गई है और अब हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर इतना बड़ा बजट खर्च कहां हो रहा है।
सितारों की फीस में बड़ा हिस्सा
फिल्म में बड़े कलाकारों की लंबी लिस्ट है और उनकी फीस ही बजट का बड़ा हिस्सा खा रही है। रणबीर कपूर को भगवान राम के रोल के लिए करीब 150 करोड़ दिए जा रहे हैं, जबकि यश को रावण के किरदार के लिए लगभग 100 करोड़ मिल रहे हैं। सनी देओल को हनुमान के रोल के लिए 40 करोड़ और साई पल्लवी को सीता के किरदार के लिए 12 करोड़ की फीस दी गई है। अन्य कलाकारों पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।
वीएफएक्स और तकनीक पर भारी निवेश
फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण इसका वीएफएक्स और तकनीकी स्तर है। निर्माता की कंपनी डीएनईजी इस काम को संभाल रही है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े पुरस्कार जीते हैं। इस सेक्शन पर ही करीब 1000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। फिल्म में एआई डबिंग और आईमैक्स जैसे आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे दर्शकों को नया अनुभव मिलेगा।
भव्य सेट्स और लोकेशन का जलवा
फिल्म को भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर सेट्स तैयार किए गए हैं। अयोध्या, लंका और ऋषियों के आश्रम जैसे दृश्यों के लिए विशाल सेट बनाए गए हैं। सिर्फ अयोध्या सेट पर ही करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं। इसके अलावा भारत और विदेशों में भी शूटिंग की गई है, जिससे फिल्म का स्तर और ऊंचा हो गया है।
संगीत, एक्शन और ग्लोबल टीम
फिल्म के संगीत और एक्शन के लिए भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों को जोड़ा गया है। ए आर रहमान और हंस जिमर पहली बार साथ काम कर रहे हैं। वहीं बड़े एक्शन सीक्वेंस के लिए विदेशी स्टंट डायरेक्टर्स को शामिल किया गया है।
मार्केटिंग में भी बड़ा दांव
फिल्म के प्रमोशन के लिए भी करीब 1300 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसे ग्लोबल स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है। अगर फिल्म दर्शकों को पसंद आती है, तो यह 8000 करोड़ तक की कमाई कर सकती है। अब सबकी नजर इस पर है कि क्या यह फिल्म भारतीय सिनेमा की दिशा बदल पाएगी।
