दिल्ली मे आम आदमी पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है ‘आप’ के 15 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पूर्व नेता सदन मुकेश गोयल ने नई पार्टी बनाने का दावा किया है, और मुकेश गोयल ही नए मोर्चे का नेतृत्व करेंगे।
15 पार्षदों के इस फैसले पर मुकेश गोयल ने कहा आम आदमी पार्टी से 15 पार्षदों ने इस्तीफ़ा दे दिया है. पार्षदों का कहना है कि 2022 में निगम चुनाव जीतकर AAP सत्ता में तो आ गई, लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नगर निगम को सही तरीके से नहीं चला पाया। आम आदमी पार्टी बस ऊपर से आदेश देती थी. नीचे वालों की सुनी नहीं जाती थी.पार्षदों के अनुसार, नेतृत्व और पार्षदों के बीच संवाद की भारी कमी रही, जिसकी वजह से पार्टी ने अपना जनाधार खो दिया और निगम में विपक्ष में जा बैठी। बागी पार्षदों ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया है कि जनता से जो वादे किए गए थे उन्हें पूरा नहीं किया गया।
पार्षदों ने एक प्रेस रिलीज में लिखा, ‘हम सभी पार्षद MCD में साल 2022 में AAP की टिकट से चुने गए थे। हालांकि, 2022 में चुनाव जीतने के बावजूद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व MCD को ठीक से नहीं चला पाया। ‘बड़े नेताओं का पार्षदों से आपस में समन्वय न के बराबर रहा, जिसके कारण पार्टी विपक्ष में आ गई है। जनता से किए गए वादे को पूरा न कर पाने के कारण हम पार्षद पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।
आपको बता दें दिल्ली में हर साल मेयर पद और हर पांच साल में निकाय चुनाव होते हैं। 2022 के आखिरी निकाय चुनाव में AAP ने 134 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। भाजपा को 104 और कांग्रेस को 9 सीटें मिलीं। कुल 250 सीटों पर वोटिंग हुई थी। दिल्ली नगर निगम के एकीकरण से पहले 272 वार्डों के लिए वोटिंग होती थी। दिल्ली नगर निगम में अभी मौजूदा पार्षदों की संख्या 238 है। 250 में से 12 सीटें कुछ पार्षदों के दिल्ली विधानसभा और एक लोकसभा के लिए चुने जाने के कारण खाली हो गई। 250 सीटों में से, भारतीय जनता पार्टी के पास 117 पार्षद हैं। और आप के पास 113 पार्षद थे, लेकिन पार्षदों के इस्तीफा देने के बाद यह संख्या कम हो गई है। कांग्रेस के पास सिर्फ आठ सीटें हैं। MCD के मेयर चुनाव में 250 पार्षदों के अलावा दिल्ली के 10 सांसद (लोकसभा से सात और राज्यसभा से तीन) और 14 विधायक वोट डालते हैं, जिससे कुल वोट 274 हो जाते हैं।
पार्टी छोड़ने वाले पार्षदों के नाम
दिनेश कुमार (वार्ड नं 02) हिमानी जैन (वार्ड नं 153) रुनाक्षी शर्मा (वार्ड नं 88) उषा शर्मा (वार्ड नं 72)अशोक पंवार (वार्ड नं 109) राखी यादव (वार्ड नंं 108) साहिब कुमार (वार्ड नं 107) राजेश कुमार लाडी (वार्ड नं 99) मनीषा कालरा (वार्ड नं 33) सुमानी अनिल (वार्ड नं 22) अशोक कुमार पांडे (वार्ड नं 109) मुकेश गोयल (वार्ड नं 15) देवेंद्र कुमार (वार्ड नं 196) हेमचंद गोयल (वार्ड नं 181) रानी खेड़ा (वार्ड नं 33)