logo

header-ad
header-ad
इंदौर में महिला की झोपड़ी से 48 लाख कैश और 1 करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद

इंदौर में महिला की झोपड़ी से 48 लाख कैश और 1 करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की झोपड़ी मे एक साथ 48 लाख से अधिक का कैश देख क्राइम ब्रांच कि टीम भी हैरान रह गई, क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर महिला तस्कर, सीमा नाथ, को गिरफ्तार किया।

जानकारी मे मुताबित द्वारकापुरी इलाके में स्थित उसकी झोपड़ी से पुलिस ने 48.50 लाख रुपये नकद और लगभग 516 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई ने न केवल एक बड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया, बल्कि यह भी उजागर किया कि कैसे साधारण दिखने वाली जगहों से बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार संचालित हो रहे हैं।

इंदौर क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीमा नाथ, जो लंबे समय से ड्रग्स तस्करी में सक्रिय थी, अपने नाथ मोहल्ला, अहीरखेड़ी स्थित झोपड़ी में छिपी हुई है। इसके आधार पर क्राइम ब्रांच ने तीन अलग-अलग टीमों और महिला पुलिस बल के साथ रविवार शाम को छापेमारी की। छापे के दौरान सीमा के परिजनों ने पुलिस के साथ झड़प की और विरोध किया, जिसके कारण अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

तलाशी के दौरान पुलिस को झोपड़ी में लोहे की कोठियों और कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं। नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि पुलिस को नोट गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। कुल 48 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा, 516 ग्राम ब्राउन शुगर और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग ड्रग्स के पैकेट तैयार करने में किया जाता था।

32 वर्षीय सीमा नाथ लंबे समय से ड्रग्स तस्करी में संलिप्त थी और उसका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। वह पहले दर्जनभर से अधिक मामलों में जेल जा चुकी है। पूछताछ में सीमा ने कबूल किया कि वह रवि उर्फ काला नामक अपराधी के साथ मिलकर सस्ते दामों पर ब्राउन शुगर खरीदती थी और इंदौर में ऊंची कीमत पर बेचती थी। पुलिस को शक है कि बरामद नकदी ड्रग्स के अवैध कारोबार से कमाई गई थी।

सीमा का परिवार भी अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। उसके पति, महेश टोपी, भी ड्रग्स तस्करी में शामिल है, जबकि उसके भाई चेतन नाथ और अर्जुन नाथ चर्चित अतुल बंसल हत्याकांड में आरोपी रह चुके हैं। सीमा अक्सर गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर झूठे आरोप लगाने और हंगामा करने की रणनीति अपनाती थी।

ड्रग्स तस्करी का तरीका

सीमा नाथ ड्रग्स को छोटे-छोटे टोकन बनाकर बेचती थी। वह इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का उपयोग करके ड्रग्स की सटीक मात्रा तैयार करती थी। उसका नेटवर्क इंदौर में फैला हुआ था, और वह रवि काला के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को संचालित करती थी। पुलिस ने बताया कि सीमा लगातार अपने ठिकाने बदलती रहती थी ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके।

इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इस साल अब तक 72 मामलों में 130 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई को ड्रग्स के खिलाफ चल रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस ने सीमा नाथ के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई जाती थी और इसका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave Your Comment