मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कॉमेडी या शो नहीं, बल्कि कनाडा में उनके रेस्तरां 'कैप्स कैफे' पर हुई गोलीबारी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से मिली जानलेवा धमकी है।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एक कथित सहयोगी, हैरी बॉक्सर, ने एक ऑडियो में कपिल शर्मा और पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को धमकी दी है कि जो भी अभिनेता सलमान खान के साथ काम करेगा, उसकी हत्या कर दी जाएगी। इस धमकी का कारण कपिल शर्मा द्वारा अपने नेटफ्लिक्स शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के दूसरे सीजन के उद्घाटन में सलमान खान को बतौर मेहमान बुलाना बताया जा रहा है। यह घटना 7 अगस्त 2025 को हुई, जब कपिल के कैफे पर दूसरी बार गोलीबारी हुई।
अब तक कपिल शर्मा या उनकी टीम की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, कपिल के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनकी सुरक्षा की कामना की है। कुछ प्रशंसकों ने कपिल के साहस की सराहना की, जो पहले भी इस तरह की धमकियों का सामना कर चुके हैं। इस घटना और धमकी ने बॉलीवुड में डर का माहौल पैदा कर दिया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी में यह साफ कहा गया है कि सलमान खान के साथ काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को निशाना बनाया जाएगा, चाहे वह छोटा-मोटा कलाकार हो या बड़ा डायरेक्टर। इससे इंडस्ट्री में काम करने वाले लोग सतर्क हो गए हैं, और कई लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
क्या है पूरा मामला?
कनाडा के सरे शहर में स्थित कपिल शर्मा के 'कैप्स कैफे' पर 7 अगस्त 2025 को देर रात करीब 25 राउंड गोलियां चलाई गईं। यह एक महीने के भीतर कैफे पर दूसरी फायरिंग की घटना थी, पहली घटना 9 जुलाई 2025 को हुई थी, जिसमें 9 से 12 राउंड फायरिंग की गई थी। दोनों घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कैफे की खिड़कियों और इमारत को काफी नुकसान पहुंचा। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली और कपिल शर्मा को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने गैंग के कॉल्स को नजरअंदाज करना जारी रखा, तो अगला निशाना उनके मुंबई स्थित ठिकाने होंगे।
गोल्डी ढिल्लों ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा, "जय श्री राम, सत्श्रीकाल। आज जो कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर फायरिंग हुई, इसकी जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग लेते हैं। हमने इसको कॉल की थी, लेकिन इसने नहीं सुनी, तो हमें यह कार्रवाई करनी पड़ी।
धमकी का ऑडियो
हमले के बाद एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हैरी बॉक्सर ने कपिल शर्मा और बॉलीवुड इंडस्ट्री को धमकी दी। ऑडियो में कहा गया, "ये कपिल शर्मा के रेस्तरां पर पहले और अब फायरिंग इसलिए हुई क्योंकि इसने सलमान खान को अपने शो के उद्घाटन पर बुलाया था। जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा, चाहे वह छोटा-मोटा कलाकार हो, डायरेक्टर हो या प्रोड्यूसर, हम उसे नहीं छोड़ेंगे। हम उसे मार देंगे। अगली बार कोई चेतावनी नहीं होगी, सीधे छाती पर गोली चलेगी।"
ऑडियो में आगे कहा गया, "मुंबई का माहौल इतना खराब कर देंगे कि तुमने अपनी जिंदगी में सोचा भी नहीं होगा। अगर सलमान खान के साथ किसी ने काम किया, तो वह अपनी मौत का जिम्मेदार खुद होगा।" इस धमकी ने बॉलीवुड में डर का माहौल पैदा कर दिया है, और सलमान खान के साथ काम करने वाले कलाकारों, निर्देशकों और निर्माताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई की दुश्मनी
लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच विवाद की जड़ 1998 के काले हिरण शिकार मामले से जुड़ी है। इस मामले में सलमान खान पर बिश्नोई समुदाय द्वारापूजित काले हिरण के शिकार का आरोप लगा था, जिसके बाद से लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान को निशाना बनाता रहा है। गैंग ने कई बार सलमान के घर और फार्महाउस पर हमले की कोशिश की है, जिसमें उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की घटना भी शामिल है। लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान से काले हिरण शिकार मामले में बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने की मांग की है। गैंग का दावा है कि सलमान के साथ काम करने वाले लोग भी उनके निशाने पर होंगे, क्योंकि वे सलमान की मदद करते हैं। कपिल शर्मा का सलमान खान के साथ नजदीकी रिश्ता और उनके शो में सलमान को बुलाना इस हमले और धमकी का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पहले भी हुए हैं हमले
यह पहली बार नहीं है जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सलमान खान के करीबियों को निशाना बनाया हो। पिछले साल सितंबर 2024 में पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के घर पर फायरिंग की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग ने ली थी। इस हमले का कारण भी एपी ढिल्लों का सलमान खान के साथ कनेक्शन बताया गया था। इसी तरह, 2023 में पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल के कनाडा स्थित बंगले पर गोलीबारी हुई थी, जिसके पीछे भी बिश्नोई गैंग का हाथ था।इसके अलावा, सलमान खान के करीबी दोस्त और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ी गई है। गैंग ने दावा किया था कि बाबा सिद्दीकी की हत्या सलमान खान के साथ उनकी दोस्ती के कारण की गई।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया
कनाडा के सरे पुलिस की फ्रंटलाइन इन्वेस्टिगेटिव सपोर्ट (FLIS) टीम इस मामले की गहन जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच यह जांच कर रही है कि क्या हमलावरों ने कपिल शर्मा के घर या उनके शूटिंग सेट की रेकी की थी। कपिल की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस सुरक्षा प्रदान करने पर भी विचार किया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने भी इस धमकी को गंभीरता से लिया है और सलमान खान की सुरक्षा को पहले से ही बढ़ा दिया गया है। सलमान को Y+ सुरक्षा प्रदान की गई है, और बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद उनकी सुरक्षा में एक और घेरा जोड़ा गया है।



