logo

BREAKING NEWS
छुट्टियां सिर्फ मौज नहीं, दिमाग की दवा हैं! साइंस ने बताया ब्रेक लेने का सही तरीका

छुट्टियां सिर्फ मौज नहीं, दिमाग की दवा हैं! साइंस ने बताया ब्रेक लेने का सही तरीका

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में छुट्टियां सिर्फ घूमने-फिरने का जरिया नहीं, बल्कि मानसिक और शारीरिक सेहत के लिए बेहद जरूरी मानी जाती हैं। रिसर्च बताती है कि समय-समय पर ब्रेक लेने से तनाव कम होता है और दिमाग को नया उत्साह मिलता है। यही कारण है कि एक्सपर्ट्स भी लगातार काम के बीच छुट्टी लेने की सलाह देते हैं, ताकि शरीर और दिमाग दोनों को आराम मिल सके।

कितनी लंबी होनी चाहिए छुट्टी
स्टडीज के मुताबिक, छुट्टियों की अवधि बहुत मायने रखती है। 3 से 4 दिन की छोटी ट्रिप शरीर को रिफ्रेश करने के लिए काफी होती है, जबकि 8 दिन की छुट्टी गहरे आराम के लिए बेहतर मानी जाती है। ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ क्वींसलैंड की रिसर्च में सामने आया कि छोटी छुट्टियां ज्यादा असरदार होती हैं, क्योंकि लंबी छुट्टियों में लोग काम से पूरी तरह अलग नहीं हो पाते।

रिसर्च में क्या मिला फायदा
रिसर्च के अनुसार, जो लोग नियमित छुट्टियां लेते हैं, उनका ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट बेहतर रहता है। 2025 की एक स्टडी में यह भी पाया गया कि छोटी लेकिन बार-बार ली गई छुट्टियां मानसिक संतुलन बनाए रखने में ज्यादा कारगर होती हैं। लगातार काम करने से तनाव धीरे-धीरे बढ़ता जाता है, जो बाद में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।

प्लानिंग से ही बढ़ती है खुशी
दिलचस्प बात यह है कि छुट्टियों की प्लानिंग भी इंसान को खुशी देती है। एक सर्वे में करीब 97 प्रतिशत लोगों ने माना कि ट्रिप प्लान करते समय ही उनका मूड बेहतर हो जाता है। कैलेंडर में छुट्टी की तारीख देखना भी मानसिक रूप से सुकून देता है और काम के बीच एक पॉजिटिव ऊर्जा पैदा करता है।

अनुभव देते हैं ज्यादा खुशी
स्टडी में यह भी सामने आया कि लोग महंगी चीजें खरीदने की तुलना में यात्रा के अनुभवों से ज्यादा खुश होते हैं। नई जगहें देखना, नए लोगों से मिलना और यादें बनाना लंबे समय तक खुशी देता है, जो किसी भौतिक वस्तु से ज्यादा असरदार होता है।

एक्सपर्ट्स की क्या है राय
नीदरलैंड्स की यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रोनिंगन की प्रोफेसर जेसिका डी ब्लूम के अनुसार, छुट्टियों के दौरान खुशी और सेहत तेजी से बेहतर होती है, लेकिन काम पर लौटने के बाद यह असर धीरे-धीरे कम हो जाता है। इसलिए एक्सपर्ट्स बार-बार छोटी छुट्टियां लेने की सलाह देते हैं।

Leave Your Comment