logo

header-ad
header-ad
फिल्म ‘120 बहादुर’ का Teaser रिलीज: Farhan Akhtar की दमदार वापसी

फिल्म ‘120 बहादुर’ का Teaser रिलीज: Farhan Akhtar की दमदार वापसी

फिल्म ‘120 बहादुर’ का टीजर रिलीज हो गया है। टीजर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है और दर्शकों के बीच उत्साह की लहर पैदा कर दी है। इस फिल्म में बॉलीवुड के मल्टीटैलेंटेड कलाकार फरहान अख्तर परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है, जिसमें 120 भारतीय सैनिकों ने 3,000 चीनी सैनिकों के खिलाफ साहस और बलिदान का परिचय दिया था।

टीजर की शुरुआत एक घायल सैनिक से अस्पताल में पूछताछ के दृश्य से होती है, जो रेजांग ला की लड़ाई की घटनाओं को याद करता है। ठंड से जमी लद्दाख की बर्फीली चोटियों से लेकर युद्ध के मैदान की खामोशी तक, हर फ्रेम में गहराई और यथार्थवाद नजर आता है।

टीजर का सबसे दमदार डायलॉग, “ये वर्दी सिर्फ हिम्मत नहीं, बलिदान भी मांगती है!” और “हम पीछे नहीं हटेंगे!” दर्शकों के दिलों में जोश और गर्व भर देता है। टीजर में भारतीय सैनिकों को कड़ाके की ठंड में, जहां तापमान -24 डिग्री से भी नीचे चला जाता है, युद्ध की तैयारी करते दिखाया गया है। फरहान अख्तर का किरदार, मेजर शैतान सिंह, न केवल साहसी बल्कि प्रेरणादायक नेतृत्व के रूप में उभरता है, जो अपने सैनिकों को असंभव परिस्थितियों में भी डटकर मुकाबला करने के लिए प्रेरित करता है। 2 मिनट 8 सेकंड के इस टीजर में युद्ध के मैदान की तीव्रता, सैनिकों की वीरता और देशभक्ति का जज्बा साफ झलकता है।

फिल्म की कहानी

‘120 बहादुर’ 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान लद्दाख में लड़ी गई रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित है। यह भारतीय सैन्य इतिहास की सबसे वीरतापूर्ण लड़ाइयों में से एक मानी जाती है, जहां चार्ली कंपनी, 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 सैनिकों ने 3,000 चीनी सैनिकों के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। इस युद्ध में मेजर शैतान सिंह ने अपने प्राण न्यौछावर किए और उन्हें मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। फिल्म में इन सैनिकों की वीरता, साहस और बलिदान की कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत किया गया है।

फिल्म में फरहान अख्तर के साथ राशि खन्ना, विवान भटेना, अंकित सिवाच, एजाज खान, स्पर्श वालिया, अजिंक्य रमेश देव, आशुतोष शुक्ला, अतुल सिंह, बृजेश करणवाल, देवेंद्र अहिरवार, धनवीर सिंह, दिग्विजय प्रताप, और साहिब वर्मा जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। राशि खन्ना की भूमिका कहानी के भावनात्मक पहलू को और गहराई प्रदान करती है, हालांकि उनके किरदार के बारे में ज्यादा जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

बता दें फिल्म का निर्देशन रजनीश ‘रेजी’ घोष ने किया है, जो पहले कंगना रनौत की फिल्म ‘धाकड़’ का निर्देशन कर चुके हैं। इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट (रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर) और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज (अमित चंद्रा) द्वारा निर्मित किया गया है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी टेटसुओ नागाटा ने की है, और संपादन रमेश्वर एस भगत ने किया है। संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है, जो फिल्म के भावनात्मक और जोशीले माहौल को और बढ़ाता है।

Leave Your Comment