बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान अक्सर युवा टैलेंट को प्रमोट करने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने 15 साल के अमेरिकी सिंगर-सॉन्गराइटर जोनास कोनर की जमकर तारीफ की है। सलमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जोनास की एक फोटो शेयर की, जिसमें वह गिटार बजाते नजर आ रहे हैं। सलमान ने लिखा कि उन्होंने कभी किसी 15 साल के बच्चे को अपने दर्द को इतनी खूबसूरती से संगीत में बदलते नहीं देखा।
सलमान ने अपने पोस्ट में जोनास को आशीर्वाद देते हुए लिखा, "कभी नहीं देखा कि 15 साल का कोई बच्चा अपने दर्द को इतनी खूबसूरती से बदल दे। गॉड ब्लेस यू #JonasConner।" उन्होंने जोनास के गानों को सुनने की बात भी कही और बताया कि वह 'फादर इन अ बाइबल', 'पीस विद पेन' और 'ओह अप्पलाचिया' को रिपीट पर सुन रहे हैं। इसके अलावा, सलमान ने युवा टैलेंट को सपोर्ट करने की अपील की। उन्होंने हिंदी में लिखा, "ऐसे बच्चों को न सपोर्ट किया तो फिर क्या किया? भाइयों और बहनों ये इंग्लिश में है… यहां पर भी ऐसे बहुत हैं। उन्हें एनकरेज करो, एक्सप्लॉइट नहीं।"

जोनास कोनर कौन हैं?
जोनास कोनर टेनेसी, अमेरिका से ताल्लुक रखते हैं और वह कंट्री व फोक स्टाइल के म्यूजिक में माहिर हैं। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने अपनी खुद की रचनाएं लिखीं और ऑनलाइन शेयर कीं। उनके सिंगल 'फादर इन अ बाइबल' को पिछले साल रिलीज होने के एक महीने में ही 20 लाख से ज्यादा स्ट्रीम्स मिले। जोनास को 12 साल की उम्र में टाइप 1 डायबिटीज का पता चला था, जिसके बावजूद उन्होंने अपने संघर्ष को संगीत में ढाला। हाल ही में वह 16 साल के हो चुके हैं और उनके स्पॉटिफाई पर 30 लाख से ज्यादा स्ट्रीम्स हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 7 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
सलमान के इस पोस्ट पर फैंस ने जमकर कमेंट्स किए। एक यूजर ने लिखा, "टैलेंट उम्र पर निर्भर नहीं करता। परिस्थितियां सब सिखाती हैं। इस 15 साल के बच्चे को बहुत बधाई।" दूसरे ने कहा, "म्यूजिक बॉर्डर्स से परे है।" कई फैंस ने सलमान की इस पहल की सराहना की और युवा टैलेंट को सपोर्ट करने की बात कही।
सलमान के प्रोजेक्ट्स
सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' की शूटिंग में व्यस्त हैं, जो 2020 के गलवान वैली संघर्ष पर आधारित है। डायरेक्टर अपूर्व लाखिया की इस फिल्म में वह मुख्य भूमिका में हैं। हाल ही में वह एआर मुरुगादॉस की 'सिकंदर' में रश्मिका मंदाना, काजल अग्रवाल और अन्य के साथ नजर आए थे। इसके अलावा, वह रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' को होस्ट कर रहे हैं, जो 24 अगस्त को जियो हॉटस्टार पर प्रीमियर हुआ।



