बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की तरह फिगर बनाने की सनक में एक पति ने अपनी पत्नी को इतना प्रताड़ित किया कि उसकी हालत खराब हो गई। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
महिला का आरोप है कि उसका पति उसे रोजाना 3 घंटे जिम में एक्सरसाइज करने के लिए मजबूर करता था और अगर वह ऐसा नहीं कर पाती तो कई दिनों तक उसे खाना नहीं देता था। इस प्रताड़ना की वजह से महिला का गर्भपात तक हो गया और अब वह मानसिक रूप से टूट चुकी है।
महिला की शादी मार्च 2025 में गाजियाबाद में बड़े धूमधाम से हुई थी। शादी में करीब 76 लाख रुपये से ज्यादा का खर्च आया, जिसमें गहने, 24 लाख रुपये की महिंद्रा स्कॉर्पियो कार, 10 लाख रुपये कैश और अन्य महंगे उपहार शामिल थे। लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। वे जमीन, ज्यादा कैश और अन्य महंगे सामान मांगते थे। जब महिला और उसके परिवार ने इन मांगों को पूरा करने से इनकार किया, तो उसे शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जाने लगी।
पति, जो एक सरकारी फिजिकल एजुकेशन टीचर है, महिला को अक्सर ताने मारता था कि उसे नोरा फतेही जैसी सुंदर और फिट पत्नी मिलनी चाहिए थी। वह कहता था कि महिला की वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई है। इसी सनक में वह पत्नी को रोजाना 3 घंटे जिम में वर्कआउट करवाता था। अगर वह थक जाती या वर्कआउट पूरा नहीं कर पाती, तो पति उसे भूखा रखता था और कई दिनों तक खाना नहीं देता था।
महिला ने शिकायत में यह भी कहा है कि उसका पति अक्सर दूसरी महिलाओं की अश्लील तस्वीरें और वीडियो देखता था। जब उसने इसका विरोध किया, तो पति ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकालने की धमकी दी। सास, ससुर और ननद पर भी दहेज मांगने, गाली-गलौज देने और मायके से कपड़े, ओवन, गहने आदि लाने के लिए दबाव डालने के आरोप लगाए गए हैं।
गर्भावस्था में प्रताड़ना, हुआ गर्भपात
शादी के कुछ समय बाद महिला गर्भवती हो गई, लेकिन इस दौरान भी प्रताड़ना जारी रही। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे ऐसा भोजन दिया जिससे उसकी सेहत बिगड़ गई। जुलाई 2025 में उसे तेज दर्द और रक्तस्राव हुआ, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मानसिक तनाव, शारीरिक प्रताड़ना और गलत खान-पान की वजह से गर्भपात हो गया। इस दौरान पति और ससुराल वालों ने उसे कोई सहयोग नहीं दिया।
गर्भपात के बाद महिला अपने मायके चली गई, लेकिन वहां भी पति, सास और ननद ने वीडियो कॉल पर उसे और उसके परिवार को गालियां दीं और तलाक की धमकी दी। 26 जुलाई को जब वह माता-पिता के साथ ससुराल लौटी और बात करने की कोशिश की, तो उसे घर में घुसने तक नहीं दिया गया। तीज-त्योहार पर मायके से दिए गए गहनों को भी वापस करने से इनकार कर दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
महिला ने तहरीर में पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, गर्भपात कराने, धमकी और ब्लैकमेलिंग जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच साक्ष्यों, गवाहों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर आरोप साबित हुए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।



