गंगा एक्सप्रेसवे के बाद नया धमाका, 330 किमी विंध्य एक्सप्रेसवे से बदलेगी तस्वीर, कई राज्यों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
प्रयागराज में योगी आदित्यनाथ सरकार एक और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने जा रही है। विंध्य एक्सप्रेसवे नाम का यह नया एक्सप्रेसवे करीब 330 किलोमीटर लंबा होगा, जो प्रयागराज से लेकर सोनभद्र तक बनाया जाएगा। यह प्रोजेक्ट पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
84 गांवों से होकर गुजरेगा
यह एक्सप्रेसवे प्रयागराज जिले की सोरांव, फूलपुर और हंडिया तहसीलों के कुल 84 गांवों से होकर गुजरेगा। खास बात यह है कि इसे गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। सोरांव के जुदापुर डांडू गांव में इंटरचेंज बनाया जाएगा, जिससे दोनों एक्सप्रेसवे मिलकर एक बड़ा हाई-स्पीड नेटवर्क तैयार करेंगे।
कैबिनेट से मिली मंजूरी
इस परियोजना को 2025 में महाकुंभ के दौरान हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई थी। अब प्रशासन भूमि अधिग्रहण की तैयारी में जुट गया है। योजना के तहत सोरांव के 29, फूलपुर के 24 और हंडिया के 31 गांवों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। जल्द ही सर्वे और जमीन चिन्हांकन का काम शुरू होगा।
विकास को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि विंध्य एक्सप्रेसवे से यात्रा आसान होगी और समय की बचत होगी। साथ ही, व्यापार, पर्यटन और उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। यह एक्सप्रेसवे बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों से कनेक्टिविटी मजबूत करेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
