logo

BREAKING NEWS
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित, 8 से 10 जून तक होगा बड़ा एग्जाम, 30 लाख अभ्यर्थियों की नजर

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित, 8 से 10 जून तक होगा बड़ा एग्जाम, 30 लाख अभ्यर्थियों की नजर

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तिथियां जारी कर दी हैं। बोर्ड के अनुसार यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने अपनी अंतिम तैयारी तेज कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए हजारों पदों पर चयन किया जाएगा, जिसके लिए प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर से बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं।

दो पालियों में होगा एग्जाम

भर्ती बोर्ड के अपर सचिव सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि 8 और 9 जून को सभी जिलों में परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

एडमिट कार्ड कब मिलेगा?

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भर्ती बोर्ड ने परीक्षा से तीन दिन पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया है। उम्मीदवार भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसी वेबसाइट के माध्यम से परीक्षा केंद्र और परीक्षा किस जिले में आयोजित होगी, इसकी जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।

आधार कार्ड को रखें तैयार

भर्ती बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा केंद्र पर ई-केवाईसी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए अपना आधार कार्ड पहले से अनलॉक रखें। इससे सत्यापन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और परीक्षा केंद्र पर समय की बचत होगी। अधिकारियों का कहना है कि आधार सत्यापन परीक्षा प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।

30 लाख से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में

इस भर्ती अभियान के लिए प्रदेशभर से जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। आरक्षी के 32,679 पदों के लिए 30 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इतनी बड़ी संख्या के कारण यह प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक मानी जा रही है। अब सभी उम्मीदवारों की नजर परीक्षा पर टिकी है। भर्ती बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच कराई जाएगी ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave Your Comment