रसोई गैस की किल्लत से बढ़ी परेशानी, कालाबाजारी की शिकायतों के बीच प्रशासन सख्त, कानपुर में तो 'गजब' हो गया !
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में रसोई गैस की कमी को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती दिखाई दे रही है। कई जगहों पर गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के बाद भी लोगों को 4 से 5 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लग रही हैं और लोग जल्दी सिलेंडर मिलने की उम्मीद में घंटों इंतजार कर रहे हैं। इस स्थिति से घरों की रसोई और छोटे कारोबार दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
कई जगह सामने आई कालाबाजारी
गैस की कमी की खबरों के बीच कई शहरों में सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं। गोरखपुर में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो गैस एजेंसियों के गोदाम सील कर दिए। जांच में आरोप लगा कि सिलेंडर तय दाम से ज्यादा कीमत पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने एजेंसी के मालिक को गिरफ्तार भी किया है और मामले की जांच जारी है।
कानपुर में अवैध रिफिलिंग पर छापा
कानपुर में भी गैस से जुड़ी गड़बड़ियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलापूर्ति विभाग की टीम ने दो जगह छापेमारी की। इस दौरान कुल 49 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि कुछ लोग अवैध तरीके से गैस की रिफिलिंग कर रहे थे और सिलेंडर बेच रहे थे। अधिकारियों ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
उद्योग और कारोबार भी प्रभावित
गैस सप्लाई की समस्या का असर उद्योगों पर भी पड़ने लगा है। पाइपलाइन से गैस सप्लाई बंद होने के कारण कई फैक्ट्रियां प्रभावित हो रही हैं। उद्योग संगठनों का कहना है कि अगर जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। अनुमान है कि इससे अरबों रुपए का नुकसान हो सकता है और बड़ी संख्या में लोगों की नौकरियों पर भी असर पड़ सकता है।
होटल और दुकानों में बढ़ने लगे दाम
गैस की कमी का असर होटल, ढाबा और छोटे खाने पीने के कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। आगरा में चाय और नाश्ते के दाम बढ़ने लगे हैं। जहां पहले 20 रुपए में चाय मिलती थी, वहीं अब 25 रुपए तक कीमत हो गई है। कई जगह कमर्शियल सिलेंडर महंगे होने के कारण दुकानदार सीमित काम कर रहे हैं और कुछ जगहों पर ऑनलाइन फूड सेवा भी बंद करनी पड़ी है।
सरकार ने सख्ती के दिए निर्देश
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि गैस की वास्तविक कमी नहीं है और स्थिति को लेकर अफवाह फैल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि गैस या तेल की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने जांच के लिए विशेष टीमें भी बना दी हैं। अगर कोई गड़बड़ी करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सरकार लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है।
