logo

BREAKING NEWS
यूपी में दिन के बाद रातों ने डराया, मौसम विभाग ने जारी किया इस तारीख तक हीटवेव का अलर्ट !

यूपी में दिन के बाद रातों ने डराया, मौसम विभाग ने जारी किया इस तारीख तक हीटवेव का अलर्ट !

उत्तर प्रदेश में उमस और तेज गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब सिर्फ दिन ही नहीं बल्कि रातें भी तपने लगी हैं। शनिवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शुक्रवार की रात तापमान 29.2 डिग्री था। यानी सिर्फ 24 घंटे में रात का पारा 1.8 डिग्री बढ़ गया। पंखे और कूलर चलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली।

पछिया हवा ने बढ़ाई तपिश
मौसम का मिजाज शनिवार से और ज्यादा गर्म हो गया। हवा का रुख पुरवा से बदलकर पछिया हो गया। पछिया हवा चलने से नमी कम हुई और धूप की जलन बढ़ गई। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़ा और सामान्य से 2.5 डिग्री ऊपर पहुंच गया। हवा में नमी की मात्रा 20 प्रतिशत तक कम होकर करीब 60 प्रतिशत रह गई। करीब 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा ने लोगों को परेशान किया।

43 डिग्री तक पहुंचा पारा
शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। रविवार को इसमें हल्की कमी आई और पारा 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। दोपहर में तेज धूप के साथ सड़कें और बाजार तपते रहे। कई जगह लोगों ने घर से निकलना कम कर दिया। दोपहर बाद शहर के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चली और हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली।

बारिश का इंतजार बढ़ा
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। मंगलवार तक आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पछिया हवा के असर से अगले एक सप्ताह तक अच्छी बारिश की संभावना कम बताई जा रही है। कुछ इलाकों में हल्के बादल जरूर दिख सकते हैं। बंगाल की खाड़ी में मानसून की स्थिति कमजोर होने का असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ रहा है। इसी वजह से प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है।

24 जून तक हीटवेव के आसार
मौसम विभाग ने 24 जून तक हीटवेव चलने की संभावना जताई है। दिन में तेज धूप और रात में बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। छतें और दीवारें देर रात तक गर्म बनी रहती हैं। इससे घरों के अंदर भी घुटन महसूस हो रही है। बिजली की खपत बढ़ने से कई इलाकों में लोगों को कटौती की चिंता भी सताने लगी है। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय भीड़ कम दिख रही है।

बच्चों-बुजुर्गों का रखें ध्यान
डॉक्टरों के अनुसार रात का तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहने पर किडनी, दिल और फेफड़ों के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। नींद पूरी न होने से थकान, चिड़चिड़ापन और कमजोरी महसूस हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को ज्यादा सावधानी की जरूरत है। लोग दिनभर पानी पीते रहें, धूप में कम निकलें और रात में कमरे को ठंडा रखने की कोशिश करें। तबीयत बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

Leave Your Comment