उत्तर प्रदेश सरकार ने गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब कम लोड वाले कनेक्शन पर बैलेंस नेगेटिव होने के बाद भी तुरंत बिजली नहीं काटी जाएगी। 1 किलोवाट तक के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को एक महीने तक राहत मिलेगी, जबकि 2 किलोवाट तक के यूजर्स को 200 रुपये तक माइनस होने पर भी सप्लाई जारी रहेगी। इस फैसले से उन लोगों को फायदा होगा जो समय पर बिल जमा नहीं कर पाते हैं।
कनेक्शन काटने से पहले मिलेंगे अलर्ट
सरकार ने बिजली विभाग को निर्देश दिए हैं कि किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले कम से कम 5 बार मैसेज भेजे जाएं। पहला संदेश तब जाएगा जब बैलेंस 30 प्रतिशत रह जाएगा, दूसरा 10 प्रतिशत पर, तीसरा बैलेंस खत्म होने पर, चौथा कनेक्शन कटने से एक दिन पहले और पांचवां कनेक्शन कटने के बाद भेजा जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को समय रहते जानकारी मिल सकेगी और वे आसानी से रिचार्ज कर सकेंगे।
स्मार्ट मीटर यूजर्स को भी फायदा
नई व्यवस्था में स्मार्ट मीटर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। बैलेंस खत्म होने के बाद भी तुरंत सप्लाई बंद नहीं होगी। 2 किलोवाट तक 200 रुपये माइनस होने पर बिजली चालू रहेगी और 1 किलोवाट तक के कनेक्शन पर एक महीने तक कटौती नहीं होगी। इसके अलावा रविवार और सरकारी छुट्टियों के दिन भी कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
नए मीटर पर खास छूट
जिन इलाकों में हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय दिया जाएगा। पहले 15 दिन का कन्वर्जन पीरियड होगा, जिसमें लोग नए सिस्टम को समझ सकेंगे। इसके बाद भी 30 दिन तक कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यह सुविधा खासतौर पर नए यूजर्स के लिए मददगार साबित होगी।
गुणवत्ता जांच के लिए कमेटी गठित
स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता और कामकाज की जांच के लिए एक हाई लेवल कमेटी बनाई गई है, जिसमें आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। यह कमेटी 10 दिनों में अपनी रिपोर्ट देगी। इसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
सप्लाई सुधार पर भी जोर
सरकार ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि गर्मी के मौसम में बिजली सप्लाई में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान करने को भी कहा गया है, ताकि लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
