logo

header-ad
header-ad
जयपुर में CM ऑफिस और एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

जयपुर में CM ऑफिस और एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार को एक धमकी भरे ईमेल ने प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। जयपुरइंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर मिले मेल में दावा किया गया कि एक से दो घंटे के भीतर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएम ऑफिस) और जयपुर एयरपोर्ट को बम से उड़ा दिया जाएगा। धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई, दोनों स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक कोई सुराग नही मिला है।


रिपोर्ट के मुताबिक ईमेल में स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि "एक से दो घंटे में सीएम ऑफिस और एयरपोर्ट को उड़ा दिया जाएगा।" इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत हरकत में ला दिया। जयपुर पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने एयरपोर्ट पर चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू की, जबकि मुख्यमंत्री कार्यालय में भी एंटी-बम स्क्वॉड और पुलिस की टीमें तैनात की गईं। साइबर क्राइम यूनिट इस ईमेल के अधिक जानकारी पता लगाने में जुट गई है।

बता दें धमकी भरे मेल की सूचना मिलते ही जयपुर पुलिस आयुक्तालय और एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल कदम उठाए। एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस, और डॉग स्क्वॉड की टीमें तैनात की गईं। मुख्यमंत्री कार्यालय में भी सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया। सचिवालय में बीडीएस और एसडीआरएफ की टीमें तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) तेजस्विनी गौतम ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है।

अधिकारियों का मानना है कि यह धमकी किसी शरारती तत्व या संगठित समूह द्वारा भेजी गई हो सकती है, जो डर और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। पहले की घटनाओं में कुछ धमकियां 'केएनआर' और 'टेरेराइजर्स-111' जैसे ग्रुपों के नाम से भेजी गई थीं। जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। सीआईएसएफ, पुलिस, और बम निरोधक दस्तों की मौजूदगी के साथ-साथ यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय में भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

यह पहली बार नहीं है जब जयपुर एयरपोर्ट को इस तरह की धमकी मिली है। हाल के महीनों में कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 29 जून 2025: जयपुर एयरपोर्ट को एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसमें दावा किया गया था कि परिसर में विस्फोटक रखे गए हैं। सर्च ऑपरेशन में कुछ नहीं मिला। 12 मई 2024: एयरपोर्ट को पांचवीं बार बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद सघन जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। 4 अक्टूबर 2024: देशभर के 100 से अधिक हवाई अड्डों, जिसमें जयपुर भी शामिल था, को एक साथ धमकी भरे ईमेल मिले थे। 13 मई 2024: जयपुर कमिश्नरेट के 56 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जो बाद में झूठी साबित हुई। 21 जुलाई 2025: जयपुर के माहेश्वरी गर्ल्स पब्लिक स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद 3500 बच्चों को सुरक्षित निकाला गया। जांच में कोई खतरा नहीं पाया गया। पिछले एक साल में जयपुर एयरपोर्ट को कम से कम 16 बार ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें से सभी झूठी साबित हुई हैं।

Leave Your Comment