logo

header-ad
header-ad
पवित्र अमरनाथ यात्रा आज से शुरू, 'बम बम भोले' के जयकारों से गूंज उठा पूरा वातावरण

पवित्र अमरनाथ यात्रा आज से शुरू, 'बम बम भोले' के जयकारों से गूंज उठा पूरा वातावरण

पवित्र अमरनाथ यात्रा आज से शुरू हो गई है. बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर के कठिन पर्वतीय इलाकों में यात्रा पर निकल चुके हैं. करीब 13,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लंबा और चुनौतीपूर्ण ट्रैक करना पड़ता है।

बता दें दो मुख्य रास्तों पहलगाम और बालटाल, से होकर श्रद्धालु बाबा की गुफा तक पहुंचते हैं. कोई तीन दिन का लंबा सफर चुनता है तो कोई एक दिन का रोमांचक ट्रैक. बताते चले की पहलगाम रूट से बाबा बर्फानी के दर्शन में आमतौर पर 3 से 4 दिन का समय लगता है. यह मार्ग करीब 48 किलोमीटर लंबा है. यह प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है और अपेक्षाकृत आसान है क्योंकि इसमें खड़ी चढ़ाई कम है. इसकी धार्मिक मान्यता भी अधिक मानी जाती है. बालटाल रूट से बाबा बर्फानी के दर्शन में 1 से 2 दिन का समय लगता है. यह मार्ग करीब 14 किलोमीटर लंबा है. यह रास्ता छोटा तो है, लेकिन इसमें खड़ी चढ़ाई और संकरे, खतरनाक मोड़ होते हैं, जो इसे चुनौतीपूर्ण बनाते हैं. यह उन युवाओं और स्वस्थ लोगों के लिए उपयुक्त है जिनके पास कम समय है और जो रोमांच पसंद करते हैं। पहले दिन बालटाल से हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए रवाना किए गए हैं.

अमरनाथ यात्रा आज सोनमर्ग के बालटाल आधार शिविर से शुरू हुई। हजारों शिव भक्तों का पहला जत्था पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ 'बम बम भोले' के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा, जिससे श्रद्धालुओं का अटूट उत्साह साफ झलक रहा था। गुरुवार सुबह बाबा अमरनाथ की पहली आरती की गई।

आपको बता दें वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। तीर्थयात्रियों के चेहरों पर खुशी और संतोष दिखाई दिया। प्रशासन ने यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक बंदोबस्त किए हैं, जिसमें सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाएं शामिल हैं, सेना के साथ ही CRPF के जवानों की तैनाती भी की गई है। 38 दिन तक चलने वाली यात्रा पहलगाम और बालटाल दोनों रूटों से होगी। यात्रा का समापन 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा। पिछले साल यात्रा 52 दिन चली थी और 5 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए थे। इस साल अब तक 3.5 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। तुरंत रजिस्ट्रेशन के लिए जम्मू में सरस्वती धाम, वैष्णवी धाम, पंचायत भवन और महाजन सभा में सेंटर खोले गए हैं। ये सेंटर रोज दो हजार श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं।

Leave Your Comment