टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी अब खतरे में बताई जा रही है। पिछले कई महीनों से उनकी बल्लेबाजी को लेकर सवाल उठ रहे थे और अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि टीम इंडिया की टी20 कप्तानी उनसे छीनी जा सकती है। कहा जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए कप्तान पर विचार कर रहे हैं। आईपीएल खत्म होने के बाद होने वाले आयरलैंड दौरे से पहले इस पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। क्रिकेट गलियारों में अब सिर्फ इसी चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।
बल्लेबाजी बनी परेशानी
रिपोर्ट्स के मुताबिक चयनकर्ता सूर्यकुमार यादव की लगातार गिरती बल्लेबाजी से खुश नहीं हैं। जुलाई 2024 में फुल टाइम कप्तान बनने के बाद उन्होंने 42 पारियों में 932 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत करीब 25 रहा और कई बार वह बिना खाता खोले आउट हुए। सबसे ज्यादा चिंता 2025 सीजन को लेकर जताई जा रही है, जहां वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके। टीम मैनेजमेंट को लग रहा है कि कप्तानी का दबाव उनकी बल्लेबाजी पर असर डाल रहा है और यही वजह अब उनके खिलाफ जाती दिखाई दे रही है।
श्रेयस अय्यर आगे
अब जिस खिलाड़ी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है वह श्रेयस अय्यर हैं। आईपीएल में उनकी कप्तानी ने हर किसी को प्रभावित किया है। पहले दिल्ली, फिर कोलकाता और अब पंजाब के साथ उनके नेतृत्व की खूब तारीफ हुई। कोलकाता को चैंपियन बनाने के बाद पंजाब को मजबूत स्थिति तक पहुंचाकर उन्होंने खुद को बड़ा कप्तान साबित किया है। यही वजह है कि अब चयनकर्ता उन्हें टी20 टीम की कमान देने पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम मैनेजमेंट ऐसे कप्तान की तलाश में है जो मैदान पर आक्रामक होने के साथ खिलाड़ियों को बेहतर तरीके से संभाल सके।
ड्रेसिंग रूम में चर्चा
सबसे दिलचस्प बात यह है कि श्रेयस अय्यर 2023 के बाद से टीम इंडिया की टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं। लेकिन अब सिर्फ वापसी ही नहीं बल्कि कप्तानी मिलने की चर्चा भी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से काफी प्रभावित है। आईपीएल में दबाव के बीच शांत रहकर फैसले लेने की उनकी शैली को भी बड़ी वजह माना जा रहा है। इसी कारण ड्रेसिंग रूम के अंदर भी कप्तानी को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं।
फैसले पर सबकी नजर
हालांकि बड़ा सवाल यही है कि सिर्फ बल्लेबाजी खराब होने की वजह से कप्तान बदलना कितना सही होगा। क्योंकि कप्तानी में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार सीरीज जीती हैं और जीत प्रतिशत भी शानदार रहा है। लेकिन अब टीम मैनेजमेंट भविष्य की तैयारी पर ज्यादा फोकस करता दिखाई दे रहा है। ऐसे में आयरलैंड सीरीज से पहले होने वाली चयन बैठक पर सबकी नजर टिक गई है।
