कानपुर पुलिस का खुलासा , अभी और भी निकलेंगे मामले
न्यूजप्लस डेस्क। कानपुर पुलिस ने जब दिल्ली के नटवर लाल शातिर लाल रविन्द्र सोनी को गिरफ्तार किया था, तब किसी को अंदाज़ा भी नहीं था कि पुलिस के जाल में फंसी ये मछली कोई साधारण आरोपी नहीं, बल्कि इंटरनेशनल फ्रॉड गैंग का सरगना है। जैसे-जैसे जांच गहराती जा रही है, वैसे-वैसे इस ठग के कारनामे चौंकाने वाली रफ्तार से सामने आ रहे हैं, अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि रविंद्र सोनी ने करीब 970 करोड़ रुपये की ठगी देशभर के लोगों से की है।
कानपुर पुलिस कमिश्नरी की मानें तो उसकी चालें इतनी शातिर थीं कि कोई भी आसानी से भरोसा कर ले। यही नहीं, इस ठग ने अपने फ्रॉड को ग्लैमर का तड़का देने के लिए बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और रेसलर द ग्रेट खली के नाम का भी इस्तेमाल किया। दोनों को प्रमोशन कार्यक्रमों में बुलाकर उसने कई लोगों को विश्वास में लिया और बड़े स्तर पर ठगी को अंजाम दिया। इसी कड़ी में शनिवार को कानपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचकर दुबई के विशाल नामक व्यक्ति ने 1 लाख डॉलर यानी लगभग 83 लाख रुपये की ठगी का खुलासा किया। जांच में एजेंसियों को शक है कि आने वाले दिनों में कई और पीड़ित सामने आएंगे और ये रकम 1000 करोड़ से भी ऊपर जा सकती है… कानपुर पुलिस ने अब तक आरोपी के कई बैंक खातों और उसकी पत्नी के लगभग एक करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए हैं… पुलिस के हाथ इंटरनेशनल ठगी का ऐसा नेटवर्क लगा है, जो देश ही नहीं, कई विदेशी प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय था। जांच जारी है और हर नए दिन इस नेटवर्क की नई परतें खुल रही हैं।
