logo

BREAKING NEWS
Ruchi Veera का बढ़ता दबदबा से हलचल, ST Hasan के बाद Kamal Akhtar भी हुए साइडलाइन, अब किसकी बारी?

Ruchi Veera का बढ़ता दबदबा से हलचल, ST Hasan के बाद Kamal Akhtar भी हुए साइडलाइन, अब किसकी बारी?

समाजवादी पार्टी में मुरादाबाद की सियासत को लेकर वर्चस्व की जंग खुलकर सामने आ गई है। लोकसभा सांसद रुचि वीरा का राजनीतिक कद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। पहले पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन का टिकट कटने के बाद उन्हें लोकसभा का टिकट मिला और अब विधायक कमाल अख्तर को विधानसभा में मुख्य सचेतक पद छोड़ना पड़ा। इन घटनाओं के बाद मुरादाबाद में सपा की अंदरूनी राजनीति फिर चर्चा में है।

पहले एसटी हसन, अब कमाल अख्तर

2024 के लोकसभा चुनाव में डॉ. एसटी हसन ने नामांकन दाखिल कर दिया था, लेकिन बाद में उनका टिकट बदलकर रुचि वीरा को उम्मीदवार बनाया गया। वह चुनाव जीतकर सांसद बनीं। इसके बाद मुरादाबाद की राजनीति में रुचि वीरा और कमाल अख्तर के बीच खींचतान बढ़ती गई। हाल ही में पीडीए कार्यक्रम में रुचि वीरा को न बुलाने और पोस्टर में जगह न मिलने का विवाद पार्टी नेतृत्व तक पहुंचा। इसके बाद कमाल अख्तर ने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया।

आजम खान फैक्टर भी बना अहम

रुचि वीरा को सपा नेता आजम खान का करीबी माना जाता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी में आजम खान की पकड़ का असर अभी भी दिखाई देता है। इसी वजह से रुचि वीरा की शिकायत को गंभीरता से लिया गया और मुरादाबाद की अंदरूनी खींचतान में उनका पलड़ा भारी दिखाई दिया।

अब तीसरा राजनीतिक लक्ष्य कौन?

मुरादाबाद की राजनीति में अब चर्चा इस बात की है कि अगला समीकरण किस दिशा में जाएगा। पार्टी के अंदर यह भी चर्चा है कि रुचि वीरा 2027 विधानसभा चुनाव में अपनी बेटी स्वाति वीरा को मुरादाबाद शहर सीट से चुनाव लड़ाना चाहती हैं। यदि ऐसा होता है तो उस सीट पर दावेदारी करने वाले दूसरे नेताओं की चुनौती बढ़ सकती है।

2027 से पहले बढ़ेगी सियासी हलचल

मुरादाबाद में सपा की राजनीति अब सिर्फ संगठन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि भविष्य की चुनावी रणनीति से भी जुड़ गई है। एक तरफ रुचि वीरा अपना प्रभाव मजबूत करने में जुटी हैं, तो दूसरी ओर पार्टी के दूसरे नेता भी अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुरादाबाद की सियासत में और बड़े घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं।

Leave Your Comment