समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया है। बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रतीक यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे और मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी मौत की खबर के बाद पूरे यादव परिवार में शोक का माहौल है। प्रतीक राजनीति से दूर रहते थे, लेकिन अपनी फिटनेस, लग्जरी लाइफस्टाइल और निजी जिंदगी को लेकर हमेशा चर्चा में बने रहते थे।
दोस्ती से शुरू हुई प्रेम कहानी
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं मानी जाती थी। दोनों लखनऊ के अलग-अलग स्कूलों में पढ़ते थे, लेकिन कॉमन दोस्तों और इंटर स्कूल कार्यक्रमों के दौरान उनकी मुलाकातें होने लगीं। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। साल 2001 में एक दोस्त की बर्थडे पार्टी के दौरान दोनों की बातचीत और करीब हुई। उसी दौरान प्रतीक ने अपर्णा से ई-मेल आईडी मांगी थी। उस समय मोबाइल फोन का चलन कम था, इसलिए दोनों के बीच ई-मेल के जरिए बातचीत शुरू हुई और यहीं से उनकी प्रेम कहानी आगे बढ़ी।
ई-मेल से किया था पहला प्रपोज
बताया जाता है कि प्रतीक यादव ने ई-मेल के जरिए अपर्णा को अपने दिल की बात बताई थी। जब अपर्णा ने उनके लगातार भेजे गए मेल पढ़े, तो वह भी भावुक हो गईं। इसी के बाद दोनों का रिश्ता और मजबूत होता गया। लगभग 11 साल तक दोनों एक-दूसरे को डेट करते रहे। लखनऊ की हाई प्रोफाइल सोसायटी में दोनों की प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनने लगी थी। परिवारों को भी इस रिश्ते की जानकारी थी। हालांकि शुरुआत में इस रिश्ते को लेकर परिवार में कुछ झिझक थी, लेकिन बाद में दोनों के परिवार शादी के लिए तैयार हो गए।
धूमधाम से हुई थी शादी
दिसंबर 2011 में सैफई में प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी बेहद धूमधाम से हुई थी। उस समय यह शादी प्रदेश की सबसे चर्चित हाई प्रोफाइल शादियों में गिनी गई थी। शादी में राजनीति और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। बताया जाता है कि साधना गुप्ता और अमर सिंह ने इस रिश्ते को लेकर मुलायम सिंह यादव को मनाने में अहम भूमिका निभाई थी। शादी के बाद दोनों का जीवन खुशहाल बताया जाता रहा और उनकी बेटी प्रथमा का जन्म हुआ। प्रतीक बिजनेस और फिटनेस में व्यस्त रहे, जबकि अपर्णा राजनीति की ओर बढ़ गईं।
रिश्ते में आई थी खटास
साल 2025 में पहली बार दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर प्रतीक यादव की कुछ पोस्ट वायरल हुईं, जिनमें उन्होंने वैवाहिक जीवन को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। एक पोस्ट में उन्होंने तलाक लेने तक की बात लिख दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि रिश्तों में तनाव बढ़ गया है और वह मानसिक दबाव से गुजर रहे हैं। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। हालांकि बाद में प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर साझा कर “ऑल इज वेल” लिखा था, जिसके बाद माना गया कि दोनों के बीच रिश्ते सुधर गए हैं।
अब सिर्फ रह गईं यादें
प्रतीक यादव के निधन ने इस चर्चित प्रेम कहानी को दर्दनाक मोड़ पर ला दिया है। उनकी मौत की खबर से परिवार, समर्थक और करीबी लोग सदमे में हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिटनेस और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए चर्चित रहने वाले प्रतीक यादव अब अपने पीछे कई यादें छोड़ गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनकी और अपर्णा यादव की पुरानी तस्वीरें साझा कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। यादव परिवार के इस दुखद क्षण ने प्रदेश की राजनीति और सामाजिक गलियारों में भी भावुक माहौल पैदा कर दिया है।
