प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में एक महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान शहर और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने मेट्रो फेज-3 की आधारशिला भी रखी। यह यात्रा बेंगलुरु के शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह लगभग 11 बजे केएसआर रेलवे स्टेशन पर तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। उन्होने यात्रा के दौरान अपनी यात्रा के दौरान इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) बेंगलुरु में एक सार्वजनिक समारोह को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार की बेंगलुरु के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, "बेंगलुरु के शहरी बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए, येलो लाइन का उद्घाटन और फेज-3 की आधारशिला एक महत्वपूर्ण कदम है। ये परियोजनाएं शहर के निवासियों के लिए जीवन को आसान बनाएंगी।
कर्नाटक बीजेपी प्रमुख बी.वाई. विजयेंद्र ने कहा कि बेंगलुरु में उत्सव का माहौल है, क्योंकि लोग प्रधानमंत्री के दौरे और इन परियोजनाओं के उद्घाटन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, "यह न केवल बीजेपी कार्यकर्ताओं बल्कि पूरे बेंगलुरु और कर्नाटक के लोगों के लिए गर्व का क्षण है।
पीएम मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो फेज-3 की आधारशिला भी रखी, जिसकी लागत 15,611 करोड़ रुपये है। यह परियोजना 44.65 किलोमीटर लंबी होगी और इसमें 31 ऊंचे स्टेशन होंगे। यह परियोजना शहर की बढ़ती परिवहन जरूरतों को पूरा करेगी और आवासीय, औद्योगिक, वाणिज्यिक और शैक्षणिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। फेज-3 के पूरा होने पर बेंगलुरु के दक्षिणी क्षेत्र में लगभग 25 लाख लोगों को लाभ होगा। आपको बता दें यह कर्नाटक में 11वीं वंदे भारत सेवा है, जो 611 किलोमीटर की दूरी को 8 घंटे 20 मिनट में तय करेगी। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन यशवंतपुर, तुमकुरु, दावणगेरे, हावेरी, हुब्बल्ली और धारवाड़ में रुकेगी।
अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा: इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाएगी।
नागपुर (अजनी)-पुणे: यह सेवा महाराष्ट्र के दो प्रमुख शहरों को जोड़ेगी, जिससे यात्रा का समय कम होगा। इन ट्रेनों के उद्घाटन के साथ, देश में वंदे भारत ट्रेनों की कुल संख्या 150 तक पहुंच गई है। कर्नाटक में अब 11 वंदे भारत ट्रेनें संचालित होंगी, जिससे राज्य की रेल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
बेंगलुरु मेट्रो येलो लाइन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो के फेज-2 के तहत 19.15 किलोमीटर लंबी येलो लाइन का उद्घाटन किया, जो आरवी रोड (रागीगुड्डा) से बोम्मासंद्रा तक फैली है। इस लाइन में 16 स्टेशन हैं, जिनमें सिल्क बोर्ड जंक्शन, बीटीएम लेआउट, इलेक्ट्रॉनिक सिटी और बोम्मासंद्रा औद्योगिक क्षेत्र जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इस परियोजना की लागत लगभग 7,160 करोड़ रुपये है।
येलो लाइन का उद्घाटन बेंगलुरु के दक्षिणी गलियारे, विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक सिटी जैसे व्यस्त आईटी केंद्रों के लिए एक गेम-चेंजर माना जा रहा है। यह लाइन रोजाना लगभग 8 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करने की क्षमता रखती है और होसुर रोड, सिल्क बोर्ड जंक्शन और इलेक्ट्रॉनिक सिटी जंक्शन जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक की समस्या को कम करने में मदद करेगी।
प्रधानमंत्री ने रागीगुड्डा स्टेशन से इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी की, जिसमें उनके साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इस लाइन का नियमित संचालन 11 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें शुरुआत में तीन ट्रेनें हर 25 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।



