नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वेतन बढ़ाने की मांग से शुरू हुआ आंदोलन देखते ही देखते बेकाबू हो गया। इस दौरान कानून-व्यवस्था पर असर पड़ा और औद्योगिक गतिविधियां भी ठप हो गईं। हालात इतने बिगड़े कि कई इलाकों में लोगों को जान बचाकर भागना पड़ा।
वाहनों को बनाया सबसे बड़ा निशाना
प्रदर्शनकारियों का सबसे ज्यादा गुस्सा सड़कों पर खड़े वाहनों पर उतरा। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार करीब 150 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इनमें लगभग 100 चार पहिया वाहन और 50 दोपहिया वाहन शामिल हैं। कई जगहों पर गाड़ियों में आग लगा दी गई, जबकि कई वाहनों के शीशे तोड़े गए और उन्हें पलट दिया गया। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फैक्ट्रियों में भारी तोड़फोड़
हिंसा का सबसे बड़ा असर औद्योगिक क्षेत्र पर पड़ा। जानकारी के मुताबिक करीब 300 फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों में तोड़फोड़ की गई। कई जगह फैक्ट्री गेट तोड़े गए, ऑफिस के शीशे फोड़े गए और मशीनों को नुकसान पहुंचाया गया। कुछ शोरूम और सर्विस सेंटर भी इस हिंसा की चपेट में आए, जहां खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।
करोड़ों का हुआ नुकसान
इस पूरे घटनाक्रम में उद्योगपतियों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हिंसा में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। फैक्ट्रियों के इंफ्रास्ट्रक्चर, मशीनरी और स्टॉक को भारी क्षति पहुंची है। उद्योग संगठनों का कहना है कि इससे निवेश पर भी असर पड़ेगा और क्षेत्र की छवि खराब होगी।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
सेक्टर 63 नोएडा, फेस-2, सेक्टर 57, 58, 62 और ईकोटेक थर्ड जैसे इलाकों में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े। कई जगह सड़कों पर जाम लगाया गया और पुलिस के साथ टकराव भी हुआ। सेक्टर 63 में तो थाने पर पथराव तक किया गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
पुलिस का एक्शन और गिरफ्तारी
घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। भारी पुलिस बल तैनात किया गया और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई। अब तक 90 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि 300 लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सरकार की पहल और अपील
स्थिति को संभालने के लिए सरकार ने मजदूरों की कुछ मांगें मानते हुए न्यूनतम वेतन बढ़ाने का फैसला किया है। साथ ही प्रशासन ने श्रमिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि हालात कब पूरी तरह सामान्य होते हैं।
