logo

BREAKING NEWS
रोम में मोदी-मेलोनी की मुलाकात, इटली पहुंचते ही दिखा खास स्वागत, कही 'दिल की बात'

रोम में मोदी-मेलोनी की मुलाकात, इटली पहुंचते ही दिखा खास स्वागत, कही 'दिल की बात'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव पर मंगलवार शाम इटली की राजधानी रोम पहुंच गए। एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। इस दौरान वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बढ़ी रौनक
रोम में होटल पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां भारतीय और इटालियन संस्कृति की झलक एक साथ दिखाई दी। शास्त्रीय नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वाद्य संगीत ने पूरे माहौल को खास बना दिया। दोनों देशों की सांस्कृतिक साझेदारी की झलक ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

मेलोनी और राष्ट्रपति से होगी मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी यात्रा को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और इटली के संबंधों को और मजबूत करना है। इस दौरान वह इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही कई अहम मुद्दों पर बातचीत भी होने वाली है।

IMEC पर रहेगा खास फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि इस यात्रा में भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे यानी IMEC पर विशेष ध्यान रहेगा। इसके अलावा दोनों देश संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 की भी समीक्षा करेंगे। माना जा रहा है कि इस बातचीत में व्यापार, निवेश, ऊर्जा और कनेक्टिविटी से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

भारत-इटली रिश्ते हुए मजबूत
पिछले कुछ वर्षों में भारत और इटली के रिश्तों में लगातार मजबूती आई है। दोनों देशों के बीच व्यापार तेजी से बढ़ा है। हालिया आंकड़ों के अनुसार दोनों देशों के बीच व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं इटली से भारत में अरबों डॉलर का निवेश भी दर्ज किया गया है। रक्षा, विज्ञान, तकनीक और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देशों का सहयोग बढ़ रहा है।

मेलोनी की पोस्ट बनी चर्चा
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त।” उनकी यह पोस्ट तेजी से चर्चा में आ गई। पीएम मोदी इससे पहले नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात का दौरा कर चुके हैं और अब इटली यात्रा के साथ उनका पांच देशों का दौरा पूरा होगा।

Leave Your Comment