इराक से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शॉपिंग मॉल मे आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, इस घटना मे करीब 50 लोग आग की चपेट मे आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। कई लोग घायल भी हैं। यह जानकारी इराक की एक सरकारी समाचार एजेंसी ने दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में देखा जा सकता है पूरा मॉल धूं-धूं कर जल रहा है। ईराक की सरकारी समाचार एजेंसी (INA) ने गुरुवार को वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मियाही के हवाले से बताया कि आग बुधवार, 16 जुलाई की देर रात मॉल में लगी थी। ये घटना पूर्वी इराक के अल-कुल शहर में एक हाइपरमार्केट में हुई, जिसमें 50 से ज्यादा लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई है। कई झुलसे लोगों की हालात गंभीर बताई जा रही है। हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
गवर्नर ने बताया कि शॉपिंग मॉल के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मॉल 5 दिन पहले ही खुला था। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि शहर की एक पांच मंजिला इमारत आग की चपेट में है, और दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
शुरूआती जांच से पता चला कि आग इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी और फिर देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। इस भयावह हादसे पर पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। बगदाद से 160 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित शहर का एक अस्पताल घायलों से भर चुका है। यह इराक में हाल के वर्षों की सबसे दर्दनाक आगजनी घटनाओं में से एक मानी जा रही है। एएफपी के अनुसार, मॉल पाच दिन पहले ही खुला था।



