logo

BREAKING NEWS
कानपुर में व्यापारी हत्याकांड में प्रेम त्रिकोण का एंगल, दोस्त पर गहराया शक, पढ़ें Inside स्टोरी

कानपुर में व्यापारी हत्याकांड में प्रेम त्रिकोण का एंगल, दोस्त पर गहराया शक, पढ़ें Inside स्टोरी

कानपुर के सवाई सिंह का हाता में होजरी व्यापारी विजय चौरसिया की हत्या के मामले में अब कहानी और उलझती दिखाई दे रही है। पुलिस जांच में प्रेम त्रिकोण का एंगल सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम विजय को एक फोन आया और वह तुरंत दुकान छोड़कर निकल गए। इसके बाद वह आरोपी विशाल की स्कूटी पर बैठकर सवाई सिंह का हाता पहुंचे। पुलिस का मानना है कि दोनों के बीच पहले से दोस्ती थी और उसी भरोसे में विजय आरोपी के साथ गए थे। अब यही दोस्ती हत्या की सबसे बड़ी वजह बनती दिखाई दे रही है।

महिला को लेकर बढ़ी थी खुन्नस

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी विशाल का इलाके की एक महिला से प्रेम संबंध था। लेकिन उसी महिला की बातचीत विजय से भी होती थी। इसी बात को लेकर विशाल अंदर ही अंदर विजय से नाराज रहने लगा था। पुलिस को शक है कि इसी खुन्नस में उसने विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची। बताया जा रहा है कि विशाल खुद दुकान नहीं गया क्योंकि उसे डर था कि कर्मचारी उसे पहचान लेंगे। इसलिए उसने रास्ते में फोन करके विजय को बुलाया और फिर उन्हें रामचंद्र के मकान में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

महिलाओं ने देखा आरोपी भागते हुए

घटना के बाद इलाके की महिलाओं के बयान ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब सवा सात बजे गोली जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद महिलाएं कमरों से बाहर निकलीं तो उन्होंने एक युवक को सीढ़ियों से तेजी से उतरते देखा। महिलाएं चिल्लाईं कि अरे वो तो विशाल भाग रहा है नारंगी शर्ट वाला। जब लोग ऊपर पहुंचे तो पहली मंजिल की सीढ़ियों पर विजय चौरसिया खून से लथपथ पड़े मिले। यह नजारा देखकर इलाके में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

नशेबाजी और दबंगई के आरोप

मकान में रहने वाली महिलाओं ने भी चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। किरायेदार महिलाओं का कहना है कि इलाके में कई अराजक तत्व लंबे समय से नशेबाजी करते हैं। आरोप है कि आरोपी विशाल भी अपने साथियों के साथ ड्रग्स सप्लाई में शामिल था और उसे कुछ सफेदपोश लोगों का संरक्षण मिला हुआ था। महिलाओं ने कहा कि ये लोग मकान की छत पर जाकर नशा करते थे और परिवार की महिलाओं व बेटियों को घूरते थे। विरोध करने पर धमकी और मारपीट की जाती थी। डर के कारण लोग कमरे बंद करके रहने को मजबूर थे।

मौत की वजह पर भी सवाल

उधर उर्सला अस्पताल के डॉक्टर ने मौत की वजह को लेकर भी नया सवाल खड़ा कर दिया है। इमरजेंसी के डॉक्टर प्रशांत सिंह ने बताया कि विजय को अस्पताल लाया गया तब वह मृत थे और उनके सिर के पीछे गंभीर चोट थी। डॉक्टर ने साफ कहा कि उन्हें गोली लगने जैसा घाव नहीं दिखा। उन्होंने आशंका जताई कि संभव है हाई ब्लड प्रेशर के कारण गिरने से सिर में चोट लगी हो। हालांकि पुलिस हत्या के एंगल से ही जांच आगे बढ़ा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल पूरे इलाके में इस हत्याकांड को लेकर भारी तनाव है। व्यापारी वर्ग में गुस्सा बना हुआ है और लोग आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी विशाल को जल्द पकड़ लिया जाएगा। कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और मोबाइल लोकेशन के जरिए उसकी तलाश जारी है। इस सनसनीखेज वारदात ने कानपुर में कानून व्यवस्था को लेकर फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं और अब हर किसी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave Your Comment