logo

header-ad
header-ad
भारत ने पाकिस्तानी नेताओं को दी कड़ी चेतावनी, बयानबाजी पर संयम बरतें, अन्यथा परिणाम बेहद दर्दनाक होंगे

भारत ने पाकिस्तानी नेताओं को दी कड़ी चेतावनी, बयानबाजी पर संयम बरतें, अन्यथा परिणाम बेहद दर्दनाक होंगे

भारत ने पाकिस्तानी नेतृत्व द्वारा हाल के दिनों में भारत के खिलाफ दी गई धमकियों और उकसाने वाले बयानों पर कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर पाकिस्तानी नेताओं को अपनी बयानबाजी में संयम बरतने की सलाह दी, साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई गलत कदम उठाया गया तो इसके परिणाम "दर्दनाक" होंगे।

आपको बता दें यह बयान हाल ही में पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा भारत के खिलाफ दिए गए बयानों के जवाब में आया है। पिछले 48 घंटों में पाकिस्तान के तीन प्रमुख नेताओं ने भारत के खिलाफ युद्धोन्मादी और भड़काऊ बयान दिए। इन बयानों में परमाणु युद्ध की धमकियां और भारत के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की बातें शामिल थीं।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमने पाकिस्तानी नेतृत्व द्वारा भारत के खिलाफ लगातार जारी लापरवाह, युद्धोन्मादी और घृणास्पद टिप्पणियों की खबरें देखी हैं। यह पाकिस्तानी नेतृत्व की जानी-मानी रणनीति है कि वे अपनी घरेलू नाकामियों को छिपाने के लिए भारत विरोधी बयानबाजी का सहारा लेते हैं।

जायसवाल ने आगे कहा, "पाकिस्तान को सलाह दी जाती है कि वह अपनी बयानबाजी में संयम बरते। किसी भी तरह का दुस्साहस या गलत कदम उठाने के परिणाम बेहद दर्दनाक होंगे। भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करेगा।"

ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में "ऑपरेशन सिंदूर" का भी उल्लेख किया, जिसे भारत की ओर से एक रणनीतिक और संयमित कार्रवाई के रूप में देखा जाता है। सूत्रों के अनुसार, इस ऑपरेशन के तहत भारत ने सीमा पर अपनी सैन्य तैयारियों को और मजबूत किया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे का जवाब तुरंत और प्रभावी ढंग से दिया जा सके। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "भारत का रुख स्पष्ट है। हम युद्ध नहीं चाहते, लेकिन अगर पाकिस्तान ने कोई गलत हरकत की, तो हम पूरी तरह तैयार हैं।"

पाकिस्तानी नेताओं के बयानों और भारत की प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोरी। एक्स पर कई यूजर्स ने भारत के इस सख्त रुख का समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा, "पाकिस्तान को भारत ने साफ चेतावनी दी है कि किसी भी दुस्साहस का परिणाम भयावह होगा। यह वक्त है कि पाकिस्तान अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भारत विरोधी बयानबाजी बंद करे।" एक अन्य यूजर ने कहा, "भारत का संदेश संयमित लेकिन सख्त है। पाकिस्तान को समझना चाहिए कि भारत अब और बर्दाश्त नहीं करेगा।

पाक ने कई बार दिए भड़काऊ बयान

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का लंबा इतिहास रहा है, खासकर कश्मीर मुद्दे को लेकर। हाल के वर्षों में, दोनों देशों के बीच संबंध और तनावपूर्ण हुए हैं, विशेष रूप से 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद। पाकिस्तान ने इसे लेकर कई बार भड़काऊ बयान दिए हैं, जिसका भारत ने हर बार कड़ा जवाब दिया है। पाकिस्तान में आर्थिक संकट, बढ़ती महंगाई और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच नेतृत्व भारत के खिलाफ बयानबाजी को जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस्तेमाल कर रहा है।

Leave Your Comment