उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सभी को हैरान कर दिया है, जहां दहेज की मांग पूरी न होने पर 28 वर्षीय निक्की पायला को कथित तौर पर उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने जिंदा जला दिया।
निक्की पायला की शादी दिसंबर 2016 में ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव के विपिन भाटी से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के समय निक्की के परिवार ने दहेज में स्कॉर्पियो कार और धनराशि दी थी। इसके बावजूद, विपिन और उसके परिवारजिसमें जेठ रोहित, सास दया, और ससुर सतवीर शामिल थे लगातार 35-36 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
निक्की की बड़ी बहन कंचन, जो उसी परिवार में विवाहित है, उन्होने बताया कि दोनों बहनों को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। 21 अगस्त की रात करीब 5:30 बजे, निक्की के साथ क्रूरता की हदें पार हो गईं। कंचन के अनुसार, विपिन और उसकी सास दया ने निक्की की बेरहमी से पिटाई की, उसके बाल खींचे, और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस भयावह घटना का वीडियो कंचन ने बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में निक्की को जलते हुए सीढ़ियों से नीचे उतरते और फिर फर्श पर गिरते हुए देखा जा सकता है, जहां उसके शरीर पर गंभीर जख्म साफ दिखाई दे रहे थे।
निक्की को पड़ोसियों की मदद से पहले फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही निक्की ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि वह 70% जल चुकी थी। इस मामले में सबसे मार्मिक पहलू निक्की के छोटे बेटे की गवाही रही। एक वायरल वीडियो में बच्चे ने साफ कहा, “पापा ने मम्मी को लाइटर से जलाकर मारा।” इस बयान ने पूरे देश में आक्रोश फैला दिया। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस क्रूरता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 अगस्त 2025 को आरोपी पति विपिन भाटी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद विपिन ने पुलिस की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मार दी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। कंचन की शिकायत के आधार पर विपिन, जेठ रोहित, सास दया, और ससुर सतवीर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अन्य तीन आरोपी अभी फरार हैं, और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, विपिन को उस स्थान पर ले जाया जा रहा था जहां से उसने ज्वलनशील पदार्थ खरीदा था। जांच से पता चला कि यह पदार्थ दिल्ली से लाया गया था, जिसे ‘मौत का केमिकल’ कहा जा रहा है। आपको बता दें निक्की एक मेकअप आर्टिस्ट थीं और इंस्टाग्राम पर 49,000 फॉलोअर्स के साथ एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं। उनकी बहन कंचन भी मेकअप आर्टिस्ट हैं। इस घटना ने न केवल उनके परिवार, बल्कि उनके प्रशंसकों को भी गहरे सदमे में डाल दिया।
इस घटना ने दहेज प्रथा और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के खिलाफ व्यापक बहस छेड़ दी है। समाजवादी पार्टी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर ने कासना थाने पर विरोध-प्रदर्शन किया और मांग की कि दो दिनों के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा वे धरना देंगे। कंचन ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की।



