बिहार की राजधानी पटना के दनियावां-हिलसा मार्ग पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक और एक ऑटो-रिप्रशॉ की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और लगभग 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिपोर्ट के मुताबिक यह हादसा शाहजहांपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के पास अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के निकट हुआ। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, और गांव में मातम छा गया। मृतकों में अधिकांश महिलाएं थीं, जो नालंदा जिले के रेरी मलमा गांव की रहने वाली थीं और गंगा स्नान के लिए फतुहा जा रही थीं।
हादसा सुबह लगभग 6:45 बजे हुआ, जब नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के रेरी मलमा गांव के निवासी एक ऑटो में सवार होकर फतुहा में गंगा और पुनपुन नदियों के संगम पर स्नान करने जा रहे थे। यह यात्रा भादो अमावस्या के अवसर पर थी। ऑटो जैसे ही अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के पास पहुंचा, एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने सामने से आकर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। शाहजहांपुर पुलिस और दनियावां थाने की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों और घायलों की पहचान
संजू देवी, उम्र 60, पति राजेंद्र प्रसाद, दीपिका पासवान, उम्र 35, पति धनंजय पासवान, कुसुम देवी, उम्र 48, पति चंद्रमौली पांडेय, चंदन कुमार, उम्र 30, ऑटो चालक, कंचन पांडेय, उम्र 34, पिता परशुराम पांडेय, बीरेंद्र राउत की पत्नी, शंभू राम की पत्नी, विकास राम की पत्नी, मृतकों में अधिकांश महिलाएं थीं, और सभी एक ही गांव, रेरी मलमा, के निवासी थे।
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ऑटो से सीधी टक्कर हुई। कुछ लोगो का कहना है कि ट्रक का एक्सेल टूटने के कारण यह अनियंत्रित हो गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया, और ट्रक भी पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।



